Bihar Politics: प्रधानमंत्री के स्वागत में एयरपोर्ट जाएंगे नीतीश कुमार, संजय झा ने की पुष्टि

Bihar Politics:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। ...

प्रधानमंत्री के स्वागत में एयरपोर्ट जाएंगे नीतीश कुमार- फोटो : reporter

Bihar Politics:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट जाएंगे। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसकी पुष्टि की है।

संजय झा ने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आना राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री किसी एक दल के नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों के प्रधानमंत्री हैं। विपक्ष की ओर से की जा रही बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि जिसे जो बोलना है, बोलने दीजिए। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

पुल के निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर संजय झा ने कहा कि यह राज्य सरकार की ओर से बनाया गया है और इसके निर्माण में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया कि पुल के निर्माण कार्य के निरीक्षण के लिए नीतीश कुमार करीब 20 बार उनके साथ गए थे। संजय झा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि पुल का निर्माण कब शुरू हुआ था।

उन्होंने पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री का शुक्रिया भी अदा किया। संजय झा ने कहा कि यह बड़ी बात है कि मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण किया है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के आज के बिहार दौरे के दौरान राज्य को कई सौगातें मिलने वाली हैं। इस दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। प्रधानमंत्री के आगमन पर नीतीश कुमार की मौजूदगी और उनके स्वागत की पुष्टि के बाद बिहार की राजनीति में इस कार्यक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

रिपोर्ट- अभिजीत