Bihar News: पाकिस्तान की टीम आएगी बिहार, राजगीर में खेलेगी हॉकी, पहली बार खेल मंत्रालय से मिली अनुमति
Bihar News: बिहार में पहली बार पाकिस्तान की हॉकी टीम आएगी। राजगीर में पाक की टीम हॉकी खेलेगी। इसके लिए खेल मंत्रालय से अनुमति भी मिल गई है।
Bihar News: पाकिस्तान की हॉकी टीम को अगले महीने बिहार के राजगीर में होने वाले एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति मिल गई है। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने गुरुवार को यह अहम जानकारी दी। टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर खेल परिसर में आयोजित होगा। 'ऑपरेशन सिंदूर' के चलते पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर संशय बना हुआ था। लेकिन खेल मंत्रालय ने विदेश और गृह मंत्रालय से विमर्श के बाद आखिरकार पाक टीम को आने की इजाजत दे दी।
सभी मजबूत टीमें लेंगी हिस्सा
सूत्रों ने कहा कि, अगर हम उन्हें खेलने की अनुमति नहीं देते तो यह ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन होता। इसीलिए सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया।" वहीं हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि,यह हॉकी के लिए बहुत अच्छी खबर है। भारत में फिर एक बड़ा टूर्नामेंट हो रहा है और सभी मजबूत टीमें हिस्सा लेंगी।
पाक की 31 सदस्यीय टीम आएगी राजगीर
वहीं, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि पाकिस्तान की 31 सदस्यीय टीम राजगीर आएगी। 18 साल बाद यानी 2007 के चेन्नई एशिया कप के बाद यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट फिर भारत में हो रहा है। खेल अकादमी के सहायक निदेशक मिथिलेश कुमार ने कहा कि, अब पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर कोई संशय नहीं है। तैयारी जोर-शोर से चल रही है।
जूनियर वर्ल्ड कप और अन्य टूर्नामेंटों में भी पाक को हरी झंडी
खेल मंत्रालय के फैसले के बाद पाकिस्तान की टीम अब 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होने वाले जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लेगी। इसके अलावा सितंबर में होने वाले निशानेबाजी जूनियर वर्ल्ड कप और सितंबर-अक्टूबर में दिल्ली में होने वाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की भागीदारी का रास्ता साफ हो गया है।