Patna Airport: DJ बजाया या लेजर लाइट जलाई तो खैर नहीं! पटना एयरपोर्ट के आसपास प्रशासन का सख्त फरमान

Patna Airport: पटना एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइट, हाई-इंटेंसिटी लाइट और DJ पर प्रतिबंध लगाया गया है। नियम तोड़ने पर सामान जब्त, FIR और गिरफ्तारी हो सकती है।

Patna Airport: पटना के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास विमानों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर दानापुर के एसडीएम वीरूपाक्ष विक्रम सिंह ने एयरपोर्ट के नजदीकी इलाकों में लेजर लाइट, हाई-इंटेंसिटी लाइट और डीजे के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।


प्रशासन का कहना है कि शादी-विवाह और दूसरे आयोजनों में तेज रोशनी वाली लेजर बीम और हाई-इंटेंसिटी लाइट का इस्तेमाल विमानों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। इनकी रोशनी से विमान उड़ा रहे पायलटों का ध्यान भटक सकता है। वहीं, लैंडिंग और टेक-ऑफ के दौरान दृश्यता प्रभावित होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।


शादी और दूसरे आयोजनों पर रहेगी नजर


दानापुर अनुमंडल प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में यह आदेश लागू किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि शादी-विवाह, समारोह और अन्य आयोजनों में प्रतिबंधित लाइट और डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।


नियम तोड़ने पर DJ और लाइट का सामान होगा जब्त


आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। मौके से डीजे साउंड सिस्टम, जनरेटर, लेजर लाइट मशीन और हाई-इंटेंसिटी लाइटें जब्त की जा सकती हैं। डीजे और लाइट ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हो सकती है।


मैरिज हॉल और होटल का लाइसेंस भी हो सकता है रद्द


यदि किसी कमर्शियल मैरिज हॉल, होटल या क्लब में नियमों का उल्लंघन होता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। गंभीर मामलों में संबंधित संस्थान का लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई संभव है। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य पटना एयरपोर्ट के आसपास विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेक-ऑफ सुनिश्चित करना है।