बांकीपुर उपचुनाव की तारीख आते ही एक्शन में IG जितेंद्र राणा, सोशल मीडिया पर पैनी नजर, थानों को कड़े निर्देश

Patna Bankipur By-Election की तारीखों के एलान के साथ ही पटना में सुरक्षा सख्त कर दी गई है। IG जितेंद्र राणा ने होटल-लॉज की चेकिंग, वाहनों की तलाशी और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।

आईजी जितेंद्र राणा ने एसएसपी कार्तिकेय शर्मा व अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा- फोटो : Reporter

पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव की तारीख घोषित होते ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। शुक्रवार को आईजी जितेंद्र राणा ने एसएसपी कार्तिकेय शर्मा सहित जिले के तमाम आला पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार, सिटी एसपी मध्य मनता कल्याणी, सिटी एसपी पूर्वी शैलजा और ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार भी मौजूद रहे, जिन्हें चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


डीएसपी और थानाध्यक्ष खुद संभालेंगे गश्ती का जिम्मा

आईजी ने निर्देश दिया है कि क्षेत्र के सभी डीएसपी, अंचल निरीक्षक और थानाध्यक्ष खुद सड़कों पर उतरकर गश्ती और निगरानी का नेतृत्व करेंगे। आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के साथ ही हर संदिग्ध वाहन की सघन चेकिंग की जाएगी, ताकि चुनाव में अवैध नकदी के लेन-देन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। इसके अलावा, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी लगातार विशेष अभियान चलाने का हुक्म दिया गया है।


होटल, लॉज और संवेदनशील इलाकों पर कड़ा पहरा

चुनाव के मद्देनजर पुलिस को होटल, लॉज और हॉस्टलों में अचानक और सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश मिला है। आईजी जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों को ऐसे संवेदनशील इलाकों की पहचान करने को कहा है, जहां राजनीतिक दलों के बीच आपसी वर्चस्व के कारण तनाव या विवाद की आशंका हो सकती है। इसके साथ ही, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए सीसीए 3 और सीसीए 12 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।


सोशल मीडिया पर निगरानी और अफवाहबाजों पर होगी एफआईआर

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डिजिटल स्पेस पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। आईजी ने सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स की चौबीसों घंटे निगरानी करने का आदेश दिया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोका जा सके। यदि कोई व्यक्ति भड़काऊ या विवादित पोस्ट साझा करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार