पटना में सरेआम खुनी तांडव:दिनदहाड़े सड़क पर दौड़ाकर युवक को मारा चाकू,पुलिस ने CCTV से की हमलावरों की पहचान

पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। दिनदहाड़े बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक को फिल्मी अंदाज में सड़क पर दौड़ाया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में युवक गंभीर रूप से घायल

पटना में सरेआम खुनी तांडव- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। दिनदहाड़े बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक को फिल्मी अंदाज में सड़क पर दौड़ाया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है।


PMCH में जिंदगी की जंग लड़ रहा है अमन, इलाके में तनाव

घायल युवक की पहचान अमन (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सालिमपुर अहरा गली नंबर-1 में किराये के मकान में रहता है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चाकू के गहरे घाव के कारण अमन की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है और वह फिलहाल वेंटिलेटर पर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और दोस्तों की भारी भीड़ जमा हो गई।

CCTV से हुई आरोपियों की पहचान, आपसी रंजिश का शक

सूचना पाकर पीरबहोर थाना पुलिस के साथ-साथ एफएसएल (FSL) और डीआईयू (DIU) की टीमें भी घटनास्थल पर पहुँचीं। पुलिस ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। टाउन SDPO-1 राजेश रंजन ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस वारदात के पीछे प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है, जिससे हमलावरों की पहचान कर ली गई है।


गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज, पुलिस का दावा- जल्द होंगे सलाखों के पीछे

पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया है। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। टाउन SDPO ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों की पहचान हो चुकी है और पुलिस उनके बेहद करीब है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुस्साहसिक घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

रिपोर्ट - अनिल कुमार