Turkey social media ban: तुर्किये में बड़ा फैसला! 15 साल से कम उम्र वालों पर सोशल मीडिया बैन की तैयारी

Turkey social media ban: तुर्किये ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक का विधेयक पास किया गया है। जानिए नए नियम और वजह।

 Turkey social media ban

 Turkey social media ban: दुनिया भर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच अब तुर्किये भी एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। तुर्किये की संसद ने एक नया विधेयक पास किया है, जिसमें 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर रोक लगाने की बात कही गई है।

यह फैसला अचानक नहीं लिया गया है। पिछले कुछ समय से अलग-अलग देशों में यह चिंता बढ़ी है कि बच्चे इंटरनेट पर ऐसी चीजें देख रहे हैं जो उनके लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। इसी वजह से कई देश अब बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल को सीमित करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।

स्कूल में गोलीबारी के बाद लिया फैसला

तुर्किये में यह कानून ऐसे समय लाया गया है जब हाल ही में एक दुखद घटना सामने आई थी। दक्षिणी तुर्किये के काहरामानमारस में एक स्कूल में गोलीबारी हुई थी, जिसमें नौ छात्रों और एक शिक्षक की जान चली गई थी। यह हमला 14 साल के एक बच्चे ने किया था, जिसकी भी इस घटना में मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस उस बच्चे की ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि यह समझा जा सके कि उसके इस कदम के पीछे क्या कारण थे।

सोशल मीडिया कंपनियों को नियमों का पालन करना होगा

सरकारी न्यूज एजेंसी अनाडोलू के अनुसार, अगर यह विधेयक कानून बन जाता है तो सोशल मीडिया कंपनियों को कई नए नियमों का पालन करना होगा। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि उपयोग करने वाले की उम्र सही तरीके से जांची जाए। साथ ही, माता-पिता के लिए ऐसे टूल देने होंगे, जिनसे वे अपने बच्चों के ऑनलाइन इस्तेमाल को नियंत्रित कर सकें। इसके अलावा, जो सामग्री बच्चों के लिए हानिकारक मानी जाती है, उस पर जल्दी कार्रवाई करनी होगी।

दुनिया के दूसरे देशों में भी बैन

अब इस विधेयक को कानून बनने के लिए राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन की मंजूरी जरूरी है। उन्हें 15 दिनों के अंदर इस पर फैसला लेना होगा। अगर मंजूरी मिल जाती है, तो यह नियम पूरे देश में लागू हो जाएगा। दुनिया के दूसरे देश भी इस दिशा में कदम उठा रहे हैं। पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक लगाने की शुरुआत की थी। इसके बाद इंडोनेशिया और मलेशिया ने भी इसी तरह के फैसले लिए। वहीं, स्पेन, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देश भी बच्चों के लिए इंटरनेट के इस्तेमाल को सीमित करने की योजना पर काम कर रहे हैं।