Bihar shooting: इश्क बना जानलेवा! हाजीपुर में युवक ने प्रेमिका को गोली मारी, फिर खुद की आत्महत्या

Bihar shooting: हाजीपुर के इमादपुर गांव में युवक ने युवती को गोली मारकर खुद को भी गोली मारी। युवती की हालत स्थिर, पुलिस जांच जारी।

Bihar shooting
बिहार में सनसनीखेज कांड!- फोटो : social media

Bihar shooting: हाजीपुर के भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एक युवक ने पहले एक युवती को गोली मार दी और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। गोली उसके पीठ और हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल तो हुई, लेकिन उसकी जान बच गई। परिवार के लोग काफी परेशान हैं और लगातार उसकी देखभाल की जा रही है।

गांव में अलग-अलग बातें

घटना को लेकर गांव में अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि युवक और युवती के बीच पहले से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी और करीब एक महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। इसी बात से युवक नाराज था और गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया।

युवती के घर के बाहर जाकर गोली चलाई

जानकारी के अनुसार, युवक ने युवती के घर के बाहर जाकर उस पर गोली चलाई। इसके बाद वह वहां से भाग गया और कुछ दूरी पर स्थित हरिनाथ शर्मा के बागान में पहुंच गया। वहीं उसने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और डर का माहौल बन गया। युवक के परिवार में भी रो-रोकर बुरा हाल है।

 युवती के पिता ने अलग आरोप लगाया

हालांकि, इस मामले में युवती के पिता ने अलग आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक लूटपाट के इरादे से उनके घर आया था। उन्होंने बताया कि घर में शादी के लिए करीब चार लाख रुपये रखे हुए थे। उनके अनुसार गोली चलाने के बाद युवक पैसे लेकर भाग गया। पिता ने यह भी कहा कि युवक पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का था और जेल भी जा चुका था।

पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस प्रेम प्रसंग और लूटपाट, दोनों एंगल से जांच कर रही है।