Patna underground roads: पटना के जाम का होगा जमीन के नीचे इलाज! सबसे बदनाम ट्रैफिक वाले रास्तों पर दो अंडरग्राउंड सड़कें बदल देंगी शहर की सूरत

Patna underground roads: राजधानी पटना में रोजाना लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने और पूर्वी-पश्चिमी पटना के बीच आवाजाही को रफ्तार देने के लिए सम्राट चौधरी सरकार ने बड़ी पहल की है।...

पटना में जाम का सबसे बड़ा इलाज!- फोटो : X

Patna underground roads: राजधानी पटना में रोजाना लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने और पूर्वी-पश्चिमी पटना के बीच आवाजाही को रफ्तार देने के लिए सम्राट चौधरी सरकार ने बड़ी पहल की है। शहर के दो बेहद व्यस्त मार्गों पर अंडरग्राउंड सड़कें बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत डाकबंगला चौराहा से पटना वीमेंस कॉलेज और आर ब्लॉक चौराहा से कंकड़बाग तक भूमिगत सड़क निर्माण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। दोनों परियोजनाओं की फिजिबिलिटी स्टडी के लिए सरकार ने 18.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

इन दोनों प्रस्तावित सड़कों के निर्माण से पटना के यातायात ढांचे में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। खासकर आर ब्लॉक से कंकड़बाग के बीच प्रस्तावित अंडरग्राउंड सड़क को शहर के लिए अहम परियोजना माना जा रहा है। इस मार्ग की लंबाई करीब छह किलोमीटर है, लेकिन मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था में इसे पार करने में 30 मिनट से भी अधिक समय लग जाता है। अंडरग्राउंड सड़क बनने पर यही सफर महज 10 मिनट में पूरा हो सकेगा।

इस परियोजना से आर ब्लॉक, मीठापुर, करबिगहिया और कंकड़बाग के आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने की संभावना है। फिलहाल जीपीओ गोलंबर, गौरियाटोली, करबिगहिया, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़ और चिड़ियाटांड पुल के आसपास अक्सर जाम की नौबत आती है। दोपहर बाद चिड़ियाटांड फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतार लगना रोजमर्रा की परेशानी बन चुका है। कई बार लोगों को एक घंटे तक सड़क पर फंसे रहना पड़ता है।

कंकड़बाग पटना का प्रमुख आवासीय और चिकित्सा केंद्र है। यहां बड़े डॉक्टरों के क्लिनिक के साथ जय प्रभा मेदांता और मेडिवर्सल जैसे अस्पताल मौजूद हैं। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी इसी इलाके में है। ऐसे में आर ब्लॉक से सीधा भूमिगत संपर्क बनने पर मरीजों, उनके परिजनों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। कंकड़बाग से आर ब्लॉक पहुंचना आसान होने पर एयरपोर्ट, सचिवालय, विधानसभा, बेली रोड और पश्चिमी पटना की ओर जाने वाले वाहनों को भी सुविधा होगी।

दूसरी प्रस्तावित अंडरग्राउंड सड़क डाकबंगला चौराहा से पटना वीमेंस कॉलेज तक होगी। डाकबंगला राजधानी का प्रमुख व्यावसायिक और यातायात केंद्र है। यहां फ्रेजर रोड, एग्जीबिशन रोड और पटना जंक्शन की ओर से आने वाले मार्ग मिलते हैं। आसपास होटल, बैंक, कार्यालय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की वजह से दिनभर आवाजाही बनी रहती है।

राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन के कारण डाकबंगला चौराहे पर अक्सर यातायात बाधित होता है। इसका असर गांधी मैदान, नाला रोड, भट्टाचार्य रोड और पटना जंक्शन से बेली रोड की ओर जाने वाले वाहनों पर भी पड़ता है। प्रस्तावित भूमिगत सड़क से इस दबाव को कम करने और बेली रोड तथा वीमेंस कॉलेज के बीच आवाजाही सुगम बनाने की उम्मीद है।