Bihar News: सर्दी में अपराधियों की खैर नहीं! SP ने संभाली कमान, जेल से छूटे बदमाश पुलिस के रडार पर
Bihar News: बांका में ठंड का मौसम शुरू होते ही पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ...
Bihar News: बांका में ठंड का मौसम शुरू होते ही पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सर्द रातों का फायदा उठाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की फिराक में रहने वाले बदमाशों की अब खैर नहीं है। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने खुद कमान संभालते हुए जिलेभर में विशेष निगरानी और जांच अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। सबसे ज्यादा नजर जेल से छूटकर बाहर आए अपराधियों और एसटीएफ की सूची में शामिल कुख्यात बदमाशों पर रखी जा रही है। पुलिस अब अपराधियों की कुंडली खंगालने में जुट गई है।
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि ठंड के मौसम में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस पहले से ही पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के तीनों पुलिस अनुमंडलों में अलग-अलग जेलों से रिहा हुए अपराधियों की सूची तैयार की जा रही है। संबंधित थानों को इनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी संदिग्ध हरकत की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। एसटीएफ के टॉप अपराधियों की गतिविधियां भी पुलिस के रडार पर हैं।
वाहन जांच से लेकर पैदल गश्ती तक तेज
एसपी के निर्देश पर जिले के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। जगह-जगह वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को पैदल गश्ती कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखने को कहा गया है।
झारखंड सीमा पर तीन चेकपोस्ट हाई अलर्ट पर
बांका की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए झारखंड से सटे इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजवारा, दर्दमारा और भलजोर चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीमा से गुजरने वाले वाहनों और संदिग्ध लोगों की सघन जांच की जा रही है। इसके लिए झारखंड पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।
पुलिस प्रशासन का साफ संदेश है कि अपराधियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। ठंड के मौसम में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी की इस विशेष रणनीति से जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी है।
रिपोर्ट- चंद्रशेखर कुमार भगत