Bihar Crime: शादी समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग में दो युवकों की मौत, लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क जामकर जोरदार हंगामा

Bihar Crime: भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान खूनी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा....

Bhojpur Two Killed in Firing
लोगों का फूटा गुस्सा- फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान खूनी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दो युवकों की जान ले ली, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। इस वारदात के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, चकिया गांव में एक रिश्तेदार की बारात में राहुल कुमार अपने दो दोस्तों के साथ शामिल होने पहुंचा था। इसी दौरान आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। इस दौरान दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

वारदात से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग को लेकर शुभकरण गंज दौलतपुर गांव के समीप आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर आगजनी की और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना के अलावा आरा नगर और नवादा थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। लोग सभी नामजद और संलिप्त आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वारदात को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार