Bihar crime: सनसनीखेज वारदात, घर से बुलाकर ले गए 4 युवक, 20 मीटर दूर माथे में मारी गोली, 26 वर्षीय सोनू की हत्या

Bihar crime: अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर खूनी वारदात को अंजाम दिया है।

Khagaria Murder
सनसनीखेज वारदात- फोटो : reporter

Bihar crime:  अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर खूनी वारदात को अंजाम दिया है। खगड़िया में गंगौर थाना क्षेत्र के घोघराहा गांव में बुधवार की देर रात चार युवक एक 26 वर्षीय युवक को उसके घर से बुलाकर ले गए और महज 20 मीटर की दूरी पर उसके माथे में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। अचानक हुई इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घर में चीख-पुकार मच गई और परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे चार युवक सोनू के घर पहुंचे और आवाज देकर उसे बाहर बुलाया। इसके बाद वे उसे घर से कुछ दूरी पर ले गए। वहां पहुंचते ही बदमाशों ने उसके माथे में गोली दाग दी। गोली लगते ही सोनू जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मां ममता देवी के सामने ही परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।

दो साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

सोनू की हत्या ने एक मासूम बच्ची की दुनिया उजाड़ दी है। उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसकी दो साल की बेटी है। अबोध बच्ची को शायद यह भी एहसास नहीं कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। परिजनों के अनुसार, सोनू परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी कमाई से सात लोगों के परिवार का भरण-पोषण होता था। परिवार में उसकी तीन बहनें और नौ साल का छोटा भाई भी है। जवान बेटे की मौत से मां ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

चार युवकों पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। परिजनों ने चार युवकों पर घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और वारदात के कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। गंगौर थानाध्यक्ष श्याम सुंदर पासवान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस वारदात के बाद गांव में दहशत और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

रिपोर्ट- अमित कुमार