Bihar Police Attack: पटना पुलिस पर हमला, थानाध्यक्ष सहित 7 पुलिसकर्मी घायल, जानिए क्या है पूरा मामला

Bihar Police Attack: पटना पुलिस पर एक बार फिर हमला हुआ है। इस घटना में थानाध्यक्ष सहित 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हमला किया है। पढ़िए आगे...

7 पुलिसकर्मी घायल - फोटो : social media

Bihar Police Attack: राजधानी पटना से सटे बाढ़ से बड़ी खबर सामने आ रही है। बाढ़ में पुलिस टीम पर हमला हुआ है। इस हमले में थानाध्यक्ष सहित 7 पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी अनुसार पूरा मामला बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस टीम पर हमला हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और वाहनों में भी तोड़फोड़ की। इस घटना में सालिमपुर थानाध्यक्ष समेत 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए। 

पुलिस टीम पर हमला 

दरअसल, बाढ़ में बीते दो दिनों से एक शख्स लापता था जिसका शव पुलिस ने गंगा नदी से बरामद किया। मृतक की पहचान लखीपुर निवासी कन्हैया शर्मा के रुप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान सालिमपुर थानाध्यक्ष समेत 5 से 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनका इलाज बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कराया गया।

 थानाध्यक्ष सहित कई घायल 

जानकारी के अनुसार कन्हैया शर्मा 16 दिसंबर से लापता थे। परिजन शुरू से ही उनके अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे थे। बताया गया कि 16 दिसंबर की शाम कन्हैया शर्मा अपने भाई के साथ रामनगर दियारा इलाके में खेत देखने गए थे। इसी दौरान हथियारबंद कुछ लोग जबरन उन्हें अपने साथ ले गए। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर सालिमपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। अब तक इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप 

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जब कन्हैया शर्मा का शव गंगा से बरामद हुआ तो गुस्साए लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और पुलिस पर हमला किया गया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 

अब तक 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया 

पुलिस ने अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायल पुलिसकर्मियों में अनंत कुमार, मनोज कुमार, सतीश चंद्र, राजेश गुप्ता सहित अन्य शामिल हैं। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति को नियंत्रित बताया जा रहा है।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट