पटना के रूपसपुर में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प: ताबड़तोड़ गोलीबारी में 2 लोग घायल, खोखा बरामद

पटना में दिनदहाड़े रूपसपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर रोड़ेबाजी और ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई।दर्जनों राउंड गोलियां चलने से पूरा इलाका दहल उठा।घटना में दो लोगों को गोली लगी है। घटनास्थल से 2 जिंदा गोली और 4 खोखे बरामद

पटना रूपसपुर गोलीबारी, 2 लोग घायल, खोखा बरामद- फोटो : Reporter

पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे और देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस हिंसक घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी दहशत व्याप्त हो गई है।

दर्जनों राउंड फायरिंग से दहला इलाका

रोड़ेबाजी के बीच दोनों पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ दर्जनों राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियों की गूंज से पूरा रूपसपुर इलाका थर्रा उठा और आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। इस भीषण गोलीबारी में दो लोगों को गोली लगने की खबर है, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस महकमे में हड़कंप, मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), दानापुर डीएसपी और रूपसपुर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम ने इलाके में स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में गश्त बढ़ा दी।

खोखा बरामद कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है। मौके से पुलिस टीम ने दो जिंदा कारतूस और चार इस्तेमाल किए गए खोखे बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट