Patna Traffic: पटना में जाम से राहत के लिए बड़ा ट्रैफिक बदलाव, नेहरू पथ होगा चौड़ा, चिड़ियाघर से आयकर गोलंबर तक टूटेंगी सरकारी भवनों की चहारदीवारियां

Patna Traffic: राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण के चलते अब ट्रैफिक व्यवस्था का नया खाका तैयार किया जा रहा है। ....

पटना में जाम से राहत के लिए बड़ा ट्रैफिक बदलाव- फोटो : social Media

Patna Traffic: राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण के चलते अब ट्रैफिक व्यवस्था का नया खाका तैयार किया जा रहा है। चिड़ियाखाना गेट नंबर-1 से आयकर गोलंबर तक नेहरू पथ की चौड़ाई बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए कई सरकारी भवनों की चहारदीवारी अस्थायी रूप से हटाई जाएगी, ताकि मेट्रो का निर्माण भी जारी रहे और आम लोगों की आवाजाही भी बेपटरी न हो। इस अहम योजना को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को यातायात पुलिस, पथ निर्माण विभाग, जिला प्रशासन, पटना मेट्रो और जिला परिवहन कार्यालय (DTO) के अधिकारियों की संयुक्त टीम पूरे कॉरिडोर का मौके पर निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद यह तय होगा कि किस स्थान पर कितनी चहारदीवारी पीछे हटाई जाएगी और सड़क को कितना चौड़ा किया जाएगा।

दरअसल, पहले आयकर गोलंबर से चिड़ियाखाना तक एक लेन में वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन ट्रैफिक दबाव और संभावित जाम को देखते हुए उसे फिलहाल टाल दिया गया। इसके बजाय सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर यातायात को सामान्य बनाए रखने पर सभी विभागों के बीच सहमति बनी है।

गुरुवार को नगर विकास एवं आवास विभाग में हुई उच्चस्तरीय बैठक में करीब तीन घंटे तक मंथन के बाद यह फैसला लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी होगी। भूमिगत मेट्रो निर्माण पूरा होने के बाद जिन सरकारी परिसरों की चहारदीवारी हटाई जाएगी, उन्हें उसी स्थान पर दोबारा बनाया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार ऑफिसर्स फ्लैट, डायल-112 परिसर, बिहार रेडियो भवन और विश्वेश्वरैया भवन के आसपास की बाउंड्री वॉल को पीछे किया जा सकता है। पहले सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर जाने वाले वाहनों को राजवंशीनगर और पुनाईचक के रास्ते डायवर्ट करने का प्रस्ताव भी आया था, लेकिन संकरी सड़क और भारी ट्रैफिक के कारण यातायात पुलिस ने इसे खारिज कर दिया।

अधिकारियों का कहना है कि यह नई ट्रैफिक व्यवस्था भूमिगत मेट्रो निर्माण पूरा होने तक, यानी लगभग दो वर्षों तक लागू रह सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में नेहरू पथ से गुजरने वाले वाहन चालकों को बदले हुए यातायात नियमों के अनुसार सफर करना होगा।