PHED टेंडर में गैंग का खेल, राजद सांसद सुधाकर सिंह का बड़ा हमला, बोले-रिशु श्री ,संजीव हंस और आनन्द किशोर ने बनाया था गैंग

PHED Tender Scam: सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार में रिशु श्री, संजीव हंस और आनंद किशोर से जुड़ा एक कथित “गैंग” बनाया गया था, जो अभी भी ऑपरेट कर रहा है।

'रिशु श्री ,संजीव हंस और आनन्द किशोर ने बनाया था गैंग'- फोटो : reporter

PHED Tender Scam: पटना में राजद सांसद सुधाकर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने नल-जल योजना के मेंटेनेंस से जुड़े करीब 3500 करोड़ रुपये के टेंडर में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग में एक ऐसा नेटवर्क काम कर रहा है, जो कार्रवाई के बावजूद सक्रिय है।

सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार में रिशु श्री, संजीव हंस और आनंद किशोर से जुड़ा एक कथित “गैंग” बनाया गया था, जो अभी भी ऑपरेट कर रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही कुछ लोगों पर कानूनी कार्रवाई हुई हो, लेकिन उनका प्रभाव और कामकाज जारी है।

राजद सांसद ने आरोप लगाया कि कई कंपनियों को नियमों को ताक पर रखकर टेंडर दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन कंपनियों पर पहले कार्रवाई हुई या जिन्हें दूसरे विभागों में डिबार किया गया था, उन्हें भी काम सौंपे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि 3500 करोड़ रुपये का टेंडर कम दर (बिलो रेट) पर दिया गया, लेकिन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं रही।

सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि अगर विभागीय स्तर पर गड़बड़ियां हो रही हैं तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में मंत्रियों की भूमिका कमजोर कर दी गई है और अधिकारी मनमाने तरीके से फैसले ले रहे हैं।उन्होंने कहा कि अधिकारियों को लग रहा है कि वे बच जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं होगा। सांसद ने दावा किया कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर जनहित याचिका (PIL) दाखिल की है और जांच की मांग की है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुधाकर सिंह ने पंकज दराद के तबादले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पंकज दराद कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई चाहते थे, लेकिन उनका ट्रांसफर कर दिया गया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह पंकज दराद को पूरी तरह क्लीन चिट नहीं दे रहे हैं और निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे अधिकारियों को हटाया जा रहा है, जबकि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को संरक्षण मिल रहा है। रिशु श्री को लेकर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए और कहा कि मामले को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

राजद सांसद के इन आरोपों से बिहार की सियासत में नया बवाल खड़ा हो गया है। अब सबकी नजर सरकार और विभाग की ओर से आने वाली प्रतिक्रिया पर है कि इन आरोपों पर क्या जवाब दिया जाता है और क्या कोई नई जांच या कार्रवाई शुरू होती है।


रिपोर्ट- नरोत्तम सिंह