'बिहार में कानून नहीं, गोलियों का राज!' तेजस्वी यादव का सरकार पर सीधा वार, बोले- पुलिस-माफिया की सांठगांठ से बेखौफ घूम रहे मुजरिम
Tejashwi Yadav: बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी जंग और तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है।
Tejashwi Yadav: बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी जंग और तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है, जबकि सरकार हालात पर पर्दा डालने में लगी हुई है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। सूबे में हत्या, बलात्कार, अपहरण, लूट और चोरी जैसी संगीन वारदातें रोज़मर्रा की खबर बन गई हैं, लेकिन सत्ता के गलियारों में बैठे लोग अपनी नाकामी कबूल करने को तैयार नहीं हैं। उनके मुताबिक, सड़क से लेकर बाजार तक आम आदमी खुद को महफूज़ महसूस नहीं कर रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि छात्रों, युवाओं, व्यवसायियों, महिलाओं और आम नागरिकों की सरेआम हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अमन-चैन की जगह दहशत और खौफ का माहौल कायम हो गया है।
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में पुलिस और अपराधियों की कथित मिलीभगत का भी गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस और बदमाशों का यह नापाक गठजोड़ अब बिहारवासियों के लिए नासूर बन चुका है। उनका आरोप है कि सत्ता से जुड़े लोग, पुलिस तंत्र और कथित माफिया भ्रष्टाचार तथा शराब तस्करी जैसे मामलों में उलझे हुए हैं, जबकि कानून-व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी पीछे छूट गई है।उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक अपराधियों पर सख्त शिकंजा नहीं कसा जाएगा और कानून का खौफ कायम नहीं होगा, तब तक बिहार में अपराध का सिलसिला थमने वाला नहीं है।
हालांकि, तेजस्वी यादव के ये आरोप राजनीतिक बयान हैं। इन आरोपों पर सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है। लेकिन राज्य में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच कानून-व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर बिहार की सियासत के केंद्र में आ गया है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह