Bihar Crime: साइबर ठगों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, 64 लाख कैश के साथ 234 अपराधी गिरफ्तार
Bihar Crime:साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है।...
Bihar Crime: नवादा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। पिछले एक साल में पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए 171 प्राथमिकी दर्ज कर 234 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सितंबर 2025 से 14 सितंबर 2026 तक चली कार्रवाई में साइबर अपराधियों के पास से 398 मोबाइल फोन और 150 सिम कार्ड बरामद किए गए। इसके अलावा 64 लाख रुपये नकद, नौ दोपहिया और चार चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।
साइबर ठगी से अर्जित संपत्ति पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। अभियान के दौरान 406 ग्राम सोना और 1646 ग्राम चांदी जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल ठगी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए तकनीकी निगरानी, मोबाइल और सिम की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल लगातार जारी है।
फर्जी सिम के धंधे पर भी कार्रवाई
नवादा पुलिस ने साइबर अपराध के लिए इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम के कारोबार को लेकर भी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, अवैध सिम की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल के मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज कर पांच सिम एजेंटों को गिरफ्तार किया गया। जांच में इन एजेंटों द्वारा बेचे गए करीब 140 सिम कार्ड का पता चला है। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं सिम के जरिए करीब 1.20 करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने की बात सामने आई है।अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य किरदारों की भी कुंडली खंगाल रही है। जांच का मकसद फर्जी सिम की सप्लाई से लेकर डिजिटल ठगी तक जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाना है।
स्कूल-कॉलेज में भी साइबर ठगी के खिलाफ मुहिम
पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। ‘साइबर स्मार्ट मंगलवार’ अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत भवनों में लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, बैंकिंग फ्रॉड और डिजिटल अपराध से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं।जिला सूचना एवं जन-संपर्क इकाई की ओर से प्रमुख स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाकर भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP और बैंकिंग जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
रिपोर्ट- अमन कुमार