Bihar Crime: मंदार पर छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, अब सुरक्षा पर उठे सवाल

Bihar Crime: बांका के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर युवती के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, धमकी और ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के मामले में फजीहत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।

Banka Mandar Harassment Case
मंदार पर छेड़छाड़ मामला- फोटो : reporter

Bihar Crime:  बांका के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर युवती के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, धमकी और ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के मामले में फजीहत के बाद  पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अब्दुल्ला को कोलकाता, अनंत को पटना और विभीषण को उसके घर से दबोचा गया। वहीं दो नाबालिगों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को तीन जून का वीडियो व्हाट्सऐप के जरिए संज्ञान में आया। वीडियो में युवती के साथ अभद्र व्यवहार की जानकारी मिलने के बाद बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के नेतृत्व में टीम ने मंदार पहुंचकर घटनास्थल का सत्यापन किया। इसके बाद वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की गई।

पुलिस की जांच के मुताबिक, युवती को उसके दो दोस्तों के साथ बहला-फुसलाकर मंदार के पास ले जाने का आरोप है। वहां मौजूद कुछ युवकों ने कथित तौर पर युवती का हाथ पकड़कर अभद्रता की, गाली-गलौज और धमकी दी। आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर युवती और उसके दोस्तों को ब्लैकमेल किया गया तथा रुपये की मांग की गई। जांच में मुख्य आरोपी अब्दुल्ला के खाते में ₹1,500 ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है।

अब इस घटना के बाद मंदार पर्वत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। आगे पुलिस प्रशासन के सामने सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और पर्यटकों के लिए शिकायत व सहायता तंत्र मजबूत करने जैसी व्यवस्थाओं पर ध्यान देने की जरूरत होगी।

हालांकि, ये सुरक्षा उपाय अभी संभावित कदम हैं; पुलिस प्रशासन ने आगे की व्यवस्था को लेकर क्या औपचारिक निर्णय लिया है, यह स्पष्ट होना बाकी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट