Voter Adhikar Yatra: 26 को प्रियंका तो 27 को MK स्टालिन, 'वोटर अधिकार यात्रा' में अब ये नेता दिखाएंगे ताकत, देखिए कौन कहां जुटेंगे
Voter Adhikar Yatra: बिहार में राहुल-तेजस्वी के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा जारी है। वहीं अब इस यात्रा में कई बड़े नेता शामिल होने वाले हैं। 26 अगस्त को प्रियंका गांधी तो 27 अगस्त को एम.के स्टालिन यात्रा में ताकत दिखाएंगे।
Voter Adhikar Yatra: बिहार में महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा को लेकर सियासी हलचल तेज है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा जारी है। वहीं अब इस यात्रा में महागठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होने वाले हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सहित कई बड़े नेता इस यात्रा में शामिल होंगे। दरअसल, कथित वोट चोरी के खिलाफ शुरू हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ अब बिहार की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। यात्रा को और सशक्त बनाने के लिए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता इसमें शामिल हो रहे हैं।
26 प्रियंका 27 को एम.के.स्टालिन दिखाएंगे ताकत
इसकी जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए दी। यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार, 26 और 27 अगस्त को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इसमें हिस्सा लेंगी। 27 अगस्त को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, 29 अगस्त को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और 30 अगस्त को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल होंगे।
संविधान के लिए जन आंदोलन
इसके अलावा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई वरिष्ठ विपक्षी नेताओं के भी यात्रा से जुड़ने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का कहना है कि यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एक जन आंदोलन है। विपक्ष का आरोप है कि हालिया चुनावों में वोट चोरी की घटनाएं हुई हैं और इसी के विरोध में यह यात्रा निकाली गई है।
ऐतिहासिक आंदोलन बन गई है यात्रा
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है और यह यात्रा सरकार की लोकतंत्र विरोधी नीतियों को उजागर करेगी। इसके जरिए लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि वोट उनका मौलिक अधिकार है और इसे कोई छीन नहीं सकता। केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, “वोटर अधिकार यात्रा वोट चोरी के खिलाफ एक ऐतिहासिक आंदोलन बन गई है, जो अब सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता को आकर्षित कर रही है।”