भाजपा विधायक की खत्म होगी सदस्यता, बिहार में सम्राट सरकार को लगेगा बड़ा झटका, आज होगा ऐलान

आरोप है कि समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में अर्चना गुप्ता को गोली लग गई थी। यह गोली भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह द्वारा चलाई गई थी जिसमें कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया और अब सजा सुनाई जाएगी

Sahibganj BJP MLA Raju Kumar Singh- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में भाजपा को एक बड़ा झटका लग सकता है. शनिवार को भाजपा के एक विधायक को हत्या के मामले में अदालत की ओर से सजा सुनाई जाएगी जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो सकती है. इससे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार को बड़ा झटका लग सकता है क्योंकि सदन में सत्ताधारी दल के विधायकों की संख्या में एक की कमी हो जाएगी. वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान एनडीए को कुल 202 सीटों पर जीत मिली थी लेकिन नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था. अब मुजफ्फरपुर जिले के साहिबगंज विधानसभा सीट के विधायक राजू कुमार सिंह पर आने वाले कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा के एक ओर विधायक कम सकते हैं. 


दरअसल, दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में वर्ष 2018 के चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में दोषी ठहराए गए भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह की सजा पर आज (3 जुलाई) सुनवाई होनी है। इससे पहले अदालत ने सजा पर फैसला टालते हुए प्रोबेशन अधिकारी से रिपोर्ट तलब की थी। रिपोर्ट मिलने के बाद अदालत आज सजा की अवधि पर फैसला सुना सकती है। राजू कुमार सिंह को विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (भाग-दो) और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत दोषी करार दिया था। हालांकि, उनकी पत्नी रेणु सिंह समेत अन्य सह-आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया था। 


यह मामला 31 दिसंबर 2018 की रात दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित रोज फार्म हाउस में आयोजित नववर्ष समारोह का है। आरोप है कि समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में अर्चना गुप्ता को गोली लग गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद चार्जशीट दाखिल की थी और लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने राजू कुमार सिंह को गैर-इरादतन हत्या का दोषी माना।


बिहार में भी हत्या का एक मामला दर्ज

सजा पर सुनवाई के दौरान कोर्ट में प्रोबेशन अधिकारी ने विधायक राजू सिंह की पृष्ठभूमि से जुड़ी एक रिपोर्ट पेश की। इस रिपोर्ट में अदालत को बताया गया कि भाजपा विधायक राजू सिंह के खिलाफ बिहार में एक हत्या का मामला भी लंबित है, जिसमें वे फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। अभियोजन पक्ष ने विधायक की इस आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए कड़ी सजा की मांग की।


छह बार के विधायक

राजू कुमार सिंह वह छह बार के विधायक हैं। विधायक राजू कुमार सिंह के वकील ने अदालत से नरमी बरतने की मांग करते हुए कहा कि उनके मुवक्किल को पहले कभी किसी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है। यह मामला 31 दिसंबर 2018 की रात का है, जब दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित एक फार्महाउस में नए साल के जश्न की पार्टी चल रही थी। आरोप है कि पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में डॉ. अर्चना गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनकी तीन दिनों बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी