धन कुबेर निकले सासाराम के कार्यपालक अभियंता अरविन्द चौधरी : EOU की छापेमारी में 9 लाख कैश, आधा किलो सोना और करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

रोहतास के लघु सिंचाई प्रमण्डल में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार चौधरी के 6 ठिकानो पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी के दौरान करोड़ो रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। अबतक की तलाश में आय से तकरीबन 85% से अधिक संपत्ति मिले है......

धन कुबेर निकले सासाराम के कार्यपालक अभियंता अरविन्द चौधरी- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सासाराम (रोहतास) के लघु सिंचाई प्रमण्डल में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार चौधरी के खिलाफ शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ज्ञात आय से 85.05% अधिक संपत्ति अर्जन के मामले (कांड संख्या—15/26) में माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में उनके कुल 6 अलग-अलग ठिकानों पर की गई छापेमारी 30 जुलाई 2026 की देर शाम तक जारी रही।


पटना के दानापुर में दो भव्य फ्लैट

ईओयू की अलग-अलग टीमों ने पटना के दानापुर (आदमपुर स्थित वीनस पैराडाइज अपार्टमेंट फ्लैट-405 व आशोपुर स्थित वीनस एम्पायर फ्लैट-1301), मुजफ्फरपुर स्थित ससुराल, सासाराम कार्यालय, डेहरी ऑन सोन स्थित सरकारी आवास और बाँका जिले के रजौन थानांतर्गत पीपराडीह स्थित पैतृक मकान पर एक साथ दबिश दी। तलाशी के दौरान दानापुर स्थित दोनों फ्लैट काफी भव्य और आलीशान पाए गए हैं, जिनकी साज-सज्जा पर हुए खर्च का मूल्यांकन कराया जाएगा।


9 लाख नगद और आधा किलो सोने का गहना बरामद

छापेमारी के दौरान अभियुक्त के विभिन्न ठिकानों से करीब 9,00,000 (नौ लाख रुपये) नगद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 500 ग्राम (आधा किलो) स्वर्ण आभूषण, एक फोर्ड इकोस्पोर्ट (EcoSport) कार और एक मोटरसाइकिल क्रय करने से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। साथ ही प्लेटों, भूखंडों (जमीन) और विभिन्न क्षेत्रों में भारी निवेश से जुड़े अहम दस्तावेज EOU की टीम ने जब्त किए हैं।


LIC व अन्य कंपनियों की 17 बीमा पॉलिसियों समेत जमीन व निवेश के बड़े पैमाने पर कागजात जब्त

वित्तीय संपत्तियों की जांच में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) एवं अन्य बीमा कंपनियों की 17 पॉलिसियों के कागजात मिले हैं, जिनमें निवेशित राशि का पता लगाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आरोपी एवं उनके परिजनों के नाम पर अलग-अलग बैंकों के कुल 21 पासबुक और फिक्स डिपॉजिट (FD) के कागजात मिले हैं। बैंक खातों और एफडी में जमा लगभग ₹25,00,000 की राशि को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई है। जांच में एक बैंक लॉकर और बच्चों की पढ़ाई पर बड़ी राशि खर्च करने के भी साक्ष्य मिले हैं।


देर शाम तक चली तलाशीआय से अधिक संपत्ति में और इजाफे की पूरी संभावना

ईओयू के अधिकारियों के अनुसार, मार्च 2014 में सहायक अभियंता के रूप में सेवा शुरू करने वाले अरविन्द कुमार चौधरी के खिलाफ बरामद दस्तावेजों के अवलोकन के बाद आय से अधिक संपत्ति में और भी वृद्धि होने की पूरी संभावना है। ईओयू द्वारा इस दर्ज मामले और लोक सेवक के रूप में कर्तव्य विचलन के संबंध में उनके पैतृक लघु जल संसाधन विभाग, बिहार, पटना को भी अवगत कराया जा रहा है।


अनिल की रिपोर्ट