उपचुनाव से पहले पीके को झटका : जनसुराज छोड़ भाजपा के समर्थन में आए बिट्टू सिंह, बोले- बांकीपुर में अभिषेक की होगी बड़ी जीत

बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहले प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है। जनसुराज के कद्दावर नेताओं में शामिल बिट्टू सिंह ने पार्टी का साथ छोड़कर बीजेपी के समर्थन में उतर आए है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर एलान किया है कि वे उपचुनाव मे एनडीए के पक्ष में काम करेंगे

बिट्टू सिंह ने छोड़ा जनसुराज का साथ- फोटो : वंदना

Patna : बांकीपुर विधान सभा उपचुनाव से पहले जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है। उपचुनाव से ठीक पहले जनसुराज के कद्दावर नेता रहे रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। उन्होंने जनसुराज छोड़ने का औपचारिक ऐलान करते हुए बांकीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अभिषेक कुमार उर्फ बंटी को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने सभी समर्थकों और साथियों के साथ मिलकर एनडीए के पक्ष में काम करेंगे।


रणनीतिज्ञ और दल चलाने में अंतर, जनसुराज की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

न्यूज4नेशन से विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने पार्टी छोड़ने के कारणों पर बात करते हुए बिट्टू सिंह ने कहा कि जनसुराज छोड़ने की उनकी कोई व्यक्तिगत वजह नहीं है। उन्होंने प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए कहा कि वे एक अच्छे रणनीतिकार (स्ट्रैटेजिस्ट) हो सकते हैं, लेकिन एक राजनीतिक दल को चलाने के लिए एक बिल्कुल अलग सोच, नजरिए और मजबूत संगठन की जरूरत होती है। उनका आरोप है कि जनसुराज एक वास्तविक राजनीतिक दल की तरह काम करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही थी, जिसके चलते उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया।


विचारधारा के करीब लौटे बिट्टू सिंह, भाजपा प्रत्याशी के लिए करेंगे प्रचार

उन्होंने आगे कहा कि वे राजनीतिक रूप से शुरुआत से ही एनडीए की राष्ट्रवादी विचारधारा के बेहद करीब रहे हैं। अब वे पूरी सक्रियता और निष्ठा के साथ भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी के समर्थन में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। प्रशांत किशोर के बांकीपुर से खुद चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर उन्होंने बड़ा दावा किया और कहा कि जब तक पीके (प्रशांत किशोर) अपना नामांकन दाखिल नहीं कर देते, तब तक उनका चुनाव लड़ना तय नहीं माना जाना चाहिए; वे ऐन वक्त पर भी मैदान छोड़ सकते हैं।


दीघा से चुनाव लड़ने को बताया जीवन की सबसे बड़ी भूल, जनता से मांगी माफी

असली राजनीति की परिभाषा समझाते हुए बिट्टू सिंह ने कहा कि सियासत सिर्फ बंद कमरों में रणनीति बनाने से नहीं चलती, बल्कि जनता के बीच रहकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचना और उनका विश्वास जीतना असली राजनीति है। इस दौरान उन्होंने साल 2025 के विधानसभा चुनाव में दीघा सीट से जनसुराज के टिकट पर चुनाव लड़ने के अपने फैसले को जीवन की सबसे बड़ी भूल बताया। उन्होंने इसके लिए दीघा और क्षेत्र की जनता से हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।


महागठबंधन में बिखराव का दावा, बांकीपुर में एनडीए की जीत तय

विपक्षी महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए पूर्व जनसुराज नेता ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के भीतर कोई एकजुटता नहीं है और आने वाले दिनों में इनकी स्थिति और ज्यादा कमजोर होने वाली है। उन्होंने पूरे भरोसे के साथ दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा और एनडीए प्रत्याशी अभिषेक कुमार उर्फ बंटी को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है और वे भारी मतों के अंतर से एक ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रहे हैं।


वंदना की रिपोर्ट