आज बदल गया सिम-व्हाट्सऐप ,बैंक, LPG और ट्रेन टिकट के नियम, सीधे पड़ेगा आपकी जेब पर असर,जान लीजिए ये हो गया हैं आवश्यक महत्वपूर्ण बदलाव
New Rules from 1 March 2026: पहली मार्च से आपकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर असर डालने वाले कई अहम नियम बदल गए हैं।
New Rules from 1 March 2026: पहली मार्च से आपकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर असर डालने वाले कई अहम नियम बदल गए हैं। सरकार और वित्तीय संस्थानों ने डिजिटल शांति- सुरक्षा , पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के नाम पर नए नियम लागू किए हैं। सिम कार्ड, बैंकिंग, रेलवे हर मोर्चे पर बदलाव का ऐलान है, जिसका सीधा असर आपके स्मार्टफोन और घरेलू बजट पर पड़ेगा।
सिम निकाला तो बंद होगा व्हाट्सऐप
डिजिटल फ्रॉड और ओटीपी स्कैम पर लगाम कसने के लिए सिम बाइंडिंग का कड़ा नियम लागू हो गया है। अब व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे ऐप सीधे आपके एक्टिव सिम से लॉक रहेंगे। सिम निकालते ही ये ऐप्स काम करना बंद कर देंगे। वाई-फाई के जरिए क्लोन या दुरुपयोग की गुंजाइश खत्म करने की कोशिश है।
‘RailOne’ बनेगा नया सहारा
रेल यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव पुराना UTS on Mobile ऐप बंद हो गया हैै और उसकी जगह नया RailOne पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट अब इसी नए प्लेटफॉर्म से बुक होंगे। मुसाफिरों को मशविरा है कि सफर से पहले ऐप डाउनलोड कर लें, वरना स्टेशन पर लंबी कतारें इंतज़ार कर रही होंगी।
LPG के दामों पर निगाह
रंगों और रौनक के त्योहार से ठीक पहले अवाम की रसोई पर महंगाई की सियासी आहट सुनाई देने लगी है। 1 मार्च को एलपीजी दरों के ताज़ा संशोधन ने बाज़ार में हलचल पैदा कर दी है। खास तौर पर 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 28 से 31 रुपये तक की बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और हलवाई कारोबारियों की पेशानी पर शिकन ला दी है।राजधानी Patna में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हुआ है। पटना में 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर अब करीब 1989.50 रुपये दर्ज किया गया है। यह वही सिलेंडर है जो मिठाई, नमकीन, फास्ट फूड और कैटरिंग कारोबार की रीढ़ माना जाता है। ऐसे में होली से पहले इसकी कीमत बढ़ना सीधे तौर पर बाजार की खाद्य दरों पर असर डाल सकता है।हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है। 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर अपने पुराने दाम पर कायम है। दिल्ली में इसकी कीमत ₹853 है, जबकि पटना में ₹951 कीमत है।
बैंक बैलेंस का नया हिसाब
अब बैंक मिनिमम बैलेंस की गणना एक दिन के बजाय औसत मासिक शेष (AMB) के आधार पर करेंगे। यानी महीने भर का औसत संतुलन अहम होगा, जिससे ग्राहकों को जुर्माने से राहत मिल सकती है।
हाई-वैल्यू UPI पर डबल सुरक्षा
बड़ी रकम ट्रांसफर करने पर अब सिर्फ पिन काफी नहीं होगा। अतिरिक्त बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य हो सकता है। डिजिटल लेन-देन में हिफाज़त को प्राथमिकता दी जा रही है।
कुल मिलाकर पहली मार्च से डिजिटल और वित्तीय दुनिया में सख्ती का नया दौर शुरू हो गया है जहां सहूलियत के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ेगी।