Bihar SUV Raids: पटना में भ्रष्ट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के आवास पर रेड, सुबह सुबह 3 ठिकानों पर SUV की छापेमारी से हड़कंप
Bihar SUV Raids: बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों पर छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी है। आय से अधिक संपत्ति मामले में लगातार निगरानी, SUV और ईओयू के द्वारा छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को सुबह सुबह से ही पटना सहित 3 ठिकानों पर SUV की रेड जारी है। मामला नगर विकास एवं आवास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राजीव कुमार से जुड़ा है।
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर रेड
राजीव कुमार पर आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई हो रही है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने उनके खिलाफ 1 करोड़ 10 लाख 24 हजार 271 रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। मामले में कार्रवाई करते हुए SVU की टीम ने एक साथ तीन ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है।
आवास पर भी छापेमारी
मिली जानकारी अनुसार पहला ठिकाना पटना के रामनगरी स्थित सुमित गृहम अपार्टमेंट के वेस्ट ब्लॉक में फ्लैट नंबर B-202 है, जहां राजीव कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। दूसरी रेड दानापुर के खगौल रोड स्थित लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 807 में चल रही है।
सरकारी कार्यालय में भी छापेमारी
वहीं तीसरा ठिकाना पंत भवन के छठे फ्लोर पर स्थित उनका सरकारी कार्यालय है, जहां भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। SVU अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट