Bihar Politics: सुबह सुबह नीतीश सरकार पर गरमाए तेजस्वी यादव, भोजपुर में घटी घटना को लेकर हुए आग बबूला, इकबाल खत्म....

Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भोजपुर में घटी घटना को लेकर नीतीश सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में सरकार का इकबाल खत्म हो गया है....

तेजस्वी यादव
नीतीश सरकार पर भड़के तेजस्वी- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी हर दिन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर एक बार फिर हमला बोला है। बता दें कि तेजस्वी यादव अपने ट्विटर के माध्यम से लागातर ट्विट कर नीतीश सरकार पर हमला बोलते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने भोजपुर में बीती रात घटी घटना को लेकर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने ट्विट कर कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गया है और सरकार का इकबाल खत्म हो गया है। 

नीतीश सरकार पर गरमाए तेजस्वी 

तेजस्वी यादव ने भोजपुर में घटी घटना को लेकर कहा कि, "भोजपुर में भीषण खूनी संग्राम!  𝟕 लोगों को मारी गोली- 𝟐 युवकों की मौत, 𝟓 घायल; 𝟐 की हालत गंभीर!  बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त! सरकार का इक़बाल खत्म!"। बता दें कि तेजस्वी यादव आए दिन सोशल मीडिया के जरिए बिहार सरकार पर हमलावर रहते हैं। तेजस्वी क्राइम बुलेटिन जारी कर नीतीश सरकार पर हमलावर रहते हैं। एक बार फिर तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को आइना दिखाया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में सरकार का इकबाल खत्म हो गया है और अपराधी बेलगाम हो गए हैं। 

क्या है पूरा मामला

पूरा मामला भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव का है। जहां रविवार की रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली झड़प के बाद हथियारबंद युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में सात लोगों को गोली लगी। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।  

दो की दर्दनाक मौत

मृतकों की पहचान लहरपा गांव निवासी राहुल कुमार और लवकुश कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अप्पू कुमार, पंकज कुमार, आर्यन (तीनों लहरपा निवासी), और नारायणपुर थाना क्षेत्र के भलुनी गांव निवासी अक्षय सिंह शामिल हैं। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी का इलाज आरा सदर अस्पताल और एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

वाहन को लेकर शुरु हुआ विवाद, गोलीबारी तक पहुंचा

प्रत्यक्षदर्शी अक्षय सिंह के अनुसार, लहरपा निवासी कमलेश कुशवाहा की बारात चरपोखरी के काउप गांव से आई थी। द्वारपूजा कार्यक्रम चल रहा था उसी दौरान थार गाड़ी से दो युवक बारात में शामिल होने के लिए आए। गाड़ी को साइड देने के मसले पर विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर गोलीबारी में तब्दील हो गया। जैसे ही थार सवार युवक वहां से जाने लगे अचानक कुछ हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में थार सवार दोनों युवकों की जान चली गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। गोलीबारी के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई, बाराती और साराती जान बचाकर भाग खड़े हुए और द्वारपूजा का कार्यक्रम अधूरा रह गया।

गांव में तनाव का माहौल 

घटना की सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी परिचय कुमार और एसपी राज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि दो लोगों की मौत और पांच को गोली लगने की पुष्टि हुई है। घटना की जांच की जा रही है और फायरिंग करने वालों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे पूर्व राजनीतिक रंजिश या निजी विवाद की भी संभावना है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। 

Editor's Picks