Bihar politics - नहीं रहा पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को गिरफ्तार करनेवाला यह अधिकारी, नीतीश कुमार की जदयू से भी रहा खास कनेक्शन

Bihar politics - पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को गिरफ्तार करनेवाले सीबीआई के पूर्व संयुक्त निदेशक का आज निधन हो गया। वह लंबे समय तक नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से भी जुड़ रहे।

Patna - देश की आयरन लेडी पूर्व पीएम इंदिरा गांधी  को गिरफ्तार करनेवाले अधिकारी एनके सिंह(निर्मल कुमार सिंह) का 81 वर्ष  की आयु में निधन हो गया। अपनी ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए चर्चित रहे 1961 बैच के आईपीएस अधिकारी एनके सिंह ने दिल्ली के मयूर विहार स्थित आवास पर रहते हुए रविवार रात करीब 10 बजे अंतिम सांस ली। वह बिहार के मधेपुरा के रहनेवाले थे। एनके सिंह सीबीआई के संयुक्त निदेशक भी रहे।

वाकिंग   के दौरान गिरने से हुआ ब्रेन हेमरेज

बताया गया कि एनके सिंह दो दिन पूर्व टहलने के दौरान गि गए थे। जिससे उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था।  जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इंदिरा गांधी को किया गिरफ्तार

एनके सिंह ने देश  की राजनीति में तब हलचल मचा  दी थी जब उन्होंने 3 अक्टूबर, 1977 को जीप घोटाले के मामले में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को गिरफ्तार किया था। एनके सिंह तब सीबीआई में एसपी के पद पर तैनात थे। उस समय केंद्र में मोरारजी देसाई की सरकार थी और चौधरी चरण सिंह गृह मंत्री थे।

यह पहली बार था जब किसी पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने चर्चित 'किस्सा कुर्सी का' मामले में भी संजय गांधी और वीसी शुक्ला पर मुकदमा चलाया था।

बेटे की हत्या

माना जाता   है कि इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी का उन्हें व्यक्तिगत तौर पर भारी खामियाजा भुगतना पड़ा। ऐसा आरोप है कि बदले की भावना से उनके बड़े बेटे दिलीप सिंह की एक ट्रक दुर्घटना में हत्या करवा दी गई थी। इस घटना को लेकर तत्कालीन विपक्ष के नेता चंद्रशेखर, चौधरी चरण सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी और जॉर्ज फर्नांडिस ने लोकसभा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। 

राजनीति से लेकर लेखन तक सक्रिय

एनके सिंह सीबीआई के संयुक्त निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए। वे बीएसएफ और बीपीआरडी के महानिदेशक भी रहे। अपनी उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें पुलिस पदक और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।

जदयू कार्यकारिणी का भी रहे हिस्सा

एनके सिंह का बिहार की राजनीति से भी जुड़े रहे। वे जार्ज फर्नांडिस द्वारा बनाई गई समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे। बाद में वे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी बने। उन्होंने 'द प्लेन ट्रूथ' और 'द होल ट्रूथ' नाम से दो किताबें भी लिखीं, जिनमें उन्होंने अपने अनुभवों और जीवन यात्रा को कलमबद्ध किया।