Bihar Weather: बिहार में आज से ठंड का यू-टर्न, तेजी से गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठिठुरन, जानिए अपने शहर का हाल
Bihar Weather: बिहार में ठंड एक बार फिर यू-टर्न लेगा। आज से तापमान में गिरावट की संभावना है। जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट क्या है....
Bihar Weather: पटना सहित पूरे बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने से ठंड में इजाफा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह से प्रदेश में सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस होगी।
मौसम की स्थिति और संभावित प्रभाव
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहुंच चुका है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किमी ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इन दोनों प्रभावों के कारण पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है। प्रदेश में एक बार फिर तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ेगा। हालांकि, यह स्थिति केवल दो से तीन दिनों तक बनी रहेगी, इसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, उत्तर बांग्लादेश और उत्तर-पूर्वी असम में भी एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव का कारण बन सकता है।
6 फरवरी से पारे में गिरावट के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, छह फरवरी यानी आज से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि, कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन वातावरण में अधिक ठंडक महसूस होगी। राज्य के उत्तरी भाग के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
8 फरवरी को सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
आठ फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, हालांकि इसके प्रभाव को लेकर मौसम विभाग ने अभी कोई ठोस अनुमान जारी नहीं किया है। प्रदेश में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से सतर्क रहने की आवश्यकता होगी।
तापमान में उतार-चढ़ाव
बुधवार को पटना सहित बिहार के 30 शहरों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मोतिहारी 7.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा शहर रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 28.6 16.8
गया 29.5 14.4
भागलपुर 28.3 14.0
मुजफ्फरपुर 26.4 15.6