Weather Forecast: अगले 12 घंटों में होगा मौसम का बड़ा बदलाव, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
Weather Forecast: यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम।
Weather Forecast: देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। एक तरफ मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि कई जगहों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके असर से 28 मई के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है और लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग यानी IMD के मुताबिक, 26 मई तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी तय सीमा तक पहुंच चुका है। अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून के अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून की गतिविधियां तेज होने के साथ पूर्वोत्तर भारत, केरल, तमिलनाडु और तटीय इलाकों में बारिश बढ़ेगी। कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। बारिश और आंधी का असर उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल में देखने को मिल सकता है।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
दिल्ली की बात करें तो 27 से 29 मई के बीच मौसम बदल सकता है। आज राजधानी में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन कुछ इलाकों में लू चल सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं 28 मई को दिल्ली में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 29 मई को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
यूपी और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में 27 से 31 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना है। वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 27 मई को गर्म हवाओं का असर बना रहेगा, लेकिन 29 मई को कई इलाकों में तेज आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बिहार में भी 27 से 29 मई तक भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 29 मई को कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है।
राजस्थान में लू का असर जारी रहेगा
राजस्थान में फिलहाल गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में 28 मई तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 28 और 29 मई को धूलभरी आंधी चल सकती है। जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और कोटा में तापमान काफी ज्यादा रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है। शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा समेत कई जिलों में 27 से 29 मई के बीच बारिश और गरज-चमक हो सकती है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तराखंड में भी 28 से 30 मई के बीच आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चमोली, पंतनगर, रानीखेत और चंपावत में तेज हवाएं दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
जम्मू-कश्मीर के मौसम का हाल
जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। श्रीनगर, रामबन और पुंछ समेत कई पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।