पति बना गवाह, देवर बना दूल्हा: समस्तीपुर में देवर-भाभी की अनोखी शादी का अंत खूनी झड़प में
बिहार के समस्तीपुर जिले में देवर-भाभी की शादी भरी पंचायत में पति के सामने हुई आपसी सहमति से सुलझता दिख रहा था, वो मारपीट तक पहुंच गया अंत खूनी झड़प में 5 लोग घायल हो गए.
समस्तीपुर के चकौटी गांव में रिश्तों का एक अजीबोगरीब रूप देखने को मिला। यहाँ राजेश कुमार की पत्नी खुशबू का अपने ही देवर मनीष के साथ प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। जब यह बात सार्वजनिक हुई, तो पति राजेश ने हंगामा करने के बजाय बड़ा दिल दिखाया। उसने अपनी पत्नी की खुशी के लिए उसे देवर के साथ रहने की अनुमति दे दी। पंचायत की मौजूदगी में रजामंदी बनी और देवर मनीष ने सबके सामने अपनी भाभी की मांग भरकर उसे पत्नी स्वीकार कर लिया।
प्रेम पर पंचायत की मुहर और 'सिंदूर कांड'
गांव के पूर्व सरपंच और प्रबुद्ध लोगों की उपस्थिति में बुलाई गई इस पंचायत ने 'मियां-बीबी राजी' की तर्ज पर इस रिश्ते को अपनी मंजूरी दी। साल 2018 में हुई राजेश और खुशबू की शादी के बाद अब खुशबू ने अपने देवर के साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। समझौते के तहत यह तय हुआ कि महिला के दोनों बच्चे उसके पहले पति राजेश के पास ही रहेंगे। पंचायत के इस फैसले के बाद नवविवाहित जोड़े को सुरक्षा के लिहाज से गांव से बाहर भेज दिया गया।
हिंसक विरोध: पड़ोसियों और गोतिया ने बोला हमला
भले ही परिवार और पति इस शादी के लिए राजी थे, लेकिन गांव के कुछ पड़ोसियों और रिश्तेदारों (गोतिया) को यह फैसला रास नहीं आया। शादी की रस्म पूरी होते ही विरोध की आग भड़क उठी और लाठी-डंडों से लैस भीड़ ने मनीष के घर पर धावा बोल दिया। इस हमले में मनीष की मां रासो देवी समेत परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आपसी सहमति से सुलझता दिख रहा यह मामला अचानक एक बड़े विवाद और हिंसा में तब्दील हो गया।
अस्पताल में घायल और पुलिस की कार्रवाई
मारपीट में जख्मी हुए लोगों को तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, खानपुर थाना पुलिस ने मामले की संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें शादी के वीडियो और हिंसा की जानकारी मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन मिलते ही हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।