छपरा में दर्दनाक हादसा: न्यू मांझी स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर LIC एजेंट की मौत, परिवार में मचा कोहराम

छपरा-बलिया रेलखंड के न्यू मांझी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर LIC अभिकर्ता निर्मल कुमार की दर्दनाक मौत हो गई है। प्लेटफॉर्म संख्या दो पर शव मिलने के बाद पुलिस और RPF टीम मामले की जांच में जुट गई है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम

छपरा में न्यू मांझी स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर LIC एजेंट की मौत- फोटो : Reporter

छपरा- बलिया रेलखंड के न्यू मांझी रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में एलआईसी अभिकर्ता निर्मल कुमार की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। प्लेटफॉर्म संख्या दो पर उनका शव मिलने से स्टेशन परिसर में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी स्वर्गीय तपेश्वर राम के पुत्र के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मांझी थाने की पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 


बलिया से लौटने के दौरान हुआ हादसा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, निर्मल कुमार सोमवार की सुबह अपने घर से बलिया जाने के लिए निकले थे। बलिया से लौटने के दौरान न्यू मांझी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि, वह किस ट्रेन से यात्रा कर रहे थे और किन परिस्थितियों में ट्रेन से नीचे गिरे, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई।


चंदे की रसीद से हुई पहचान

प्लेटफॉर्म संख्या दो पर शव मिलने की सूचना के बाद मांझी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के पास मिले दुर्गापूजा के चंदे की रसीद और अन्य कागजात के आधार पर उनकी पहचान की गई। घटना की सूचना आरपीएफ को भी दी गई, जिसके बाद छपरा से आरपीएफ की टीम न्यू मांझी स्टेशन पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी।


परिवार में मचा कोहराम

निर्मल कुमार भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के अभिकर्ता बताए जाते हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के दो पुत्र हैं। परिवार के लिए यह हादसा किसी वज्रपात से कम नहीं है। सुबह घर से निकले निर्मल के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए परिजनों को उनकी मौत की खबर मिली तो घर में चीख- पुकार मच गई। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों और ट्रेन से गिरने की परिस्थितियों की छानबीन में जुटी है। घटना से मृतक के गांव में भी शोक का माहौल है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट