Durga Puja 2026: सारण के बनियापुर में बन रहा 35 लाख का अनोखा ड्रैगन पंडाल,30 फीट ऊंचाई और 300 मीटर लंबाई देगी भव्य लुक

दुर्गा पूजा 2026 को लेकर सारण के बनियापुर स्थित मनोपाली में 35 लाख की लागत से 30 फीट ऊंचा भव्य ड्रैगन पंडाल तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालु ड्रैगन के मुंह से करेंगे प्रवेश।अपनी आकर्षक बनावट और विशाल आकार के कारण यह पंडाल दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धाल

सारण के बनियापुर में बन रहा 35 लाख का अनोखा ड्रैगन पंडाल- फोटो : Reporter

दुर्गा पूजा को लेकर सारण जिले के बनियापुर प्रखंड अंतर्गत मनोपाली में इस बार भव्य और अनोखा ड्रैगन पंडाल तैयार किया जा रहा है। अपनी आकर्षक बनावट और विशाल आकार के कारण यह पंडाल दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनने वाला है। करीब 35 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस पंडाल को काल्पनिक ड्रैगन का स्वरूप दिया जा रहा है, जो अपनी भव्यता से लोगों को आकर्षित करेगा।


पंडाल की सबसे बड़ी खासियत इसका विशाल ड्रैगननुमा प्रवेश द्वार होगा। श्रद्धालु ड्रैगन के विशाल मुंह से होकर पंडाल के अंदर प्रवेश करेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि यह अनोखा प्रवेश द्वार लोगों के लिए विशेष आकर्षण बनेगा और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु इसे देखने पहुंचेंगे।


चार महीने से निर्माण कार्य में जुटे हैं दर्जनों मजदूर

इस भव्य पंडाल को तैयार करने के लिए पिछले चार महीने से दर्जनों मजदूर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। कलाकार पंकज कुमार चौधरी अपनी कलात्मक प्रतिभा और हुनर से पंडाल को आकर्षक रूप देने में जुटे हैं। पंडाल की ऊंचाई करीब 30 फीट, लंबाई 300 मीटर और चौड़ाई 60 फीट बताई जा रही है। विशाल आकार और अनूठी कलाकृति के कारण यह पंडाल इस वर्ष दुर्गा पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सकता है।


भव्य पंडाल देखने उमड़ेंगे श्रद्धालु

आयोजक राजीव कुमार के अनुसार, दुर्गा पूजा के अवसर पर मनोपाली में तैयार हो रहे इस अनोखे ड्रैगन पंडाल को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पंडाल को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। पूजा के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट