सारण में शिक्षकों के वेतन में बड़ा फर्जीवाड़ा: करीब 8.84 लाख के गबन का मामला, डाटा एंट्री ऑपरेटर पर FIR की अनुशंसा

बिहार के सारण जिले में शिक्षकों के वेतन भुगतान प्रक्रिया में 8,84,242 रुपये के सरकारी गबन का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगरा के लेखापाल-सह-डाटा एंट्री ऑपरेटर पर FIR की प्रक्रिया शुरू।

सारण में शिक्षक वेतन भुगतान में 8.84 लाख की हेराफेरी,नगरा प्रखंड के लेखापाल पर शिकंजा- फोटो : Reporter

बिहार के सारण से शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया में कथित हेराफेरी कर सरकारी राशि के अंतरण का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की स्थापना शाखा से जुड़े अभिलेखों के सत्यापन में अनियमितताएं उजागर होने के बाद नगरा प्रखंड के लेखापाल- सह- डाटा एंट्री ऑपरेटर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को आवेदन दिया गया है। मामले में धोखाधड़ी, सरकारी राशि की अनधिकृत निकासी और आपराधिक साजिश की आशंका जताते हुए कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), सारण ने खैरा थाने के थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।


तीन बैंक खातों में राशि अंतरण का उल्लेख

प्राप्त आवेदन के अनुसार, शिक्षकों के वेतन विपत्र तैयार करने और भुगतान की प्रक्रिया में कथित अनियमितता की जांच के दौरान कुछ शिक्षकों के नाम, यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) और बैंक खाते के विवरण के अनुचित इस्तेमाल की आशंका सामने आई। अभिलेखों में आलोक प्रसाद के बैंक खाते में जनवरी 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच 5, 77, 869. 50 रुपए, सौरभ कुमार के खाते में 1, 04, 958 रुपए और मनोरमा कुमारी के खाते में 2, 01, 415 रुपए के अंतरण का उल्लेख है।


अभिलेखों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

विभागीय पत्र में कुल- 8, 84, 242. 50 रुपए की सरकारी राशि के गबन का उल्लेख किया गया है। हालांकि, तीनों खातों में दर्ज रकम का कुल योग 8, 84, 242. 50 रुपए होता है, लेकिन राशि के अंतरण और गबन से संबंधित आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले से संबंधित बैंक स्टेटमेंट, वेतन विपत्र और UAN अभिलेख आवेदन के साथ संलग्न किया गया हैं। पुलिस से इन दस्तावेजों के आधार पर तथ्यों की जांच कर संबंधित कर्मियों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।


सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट