Bihar Mining Rules 2026: बिहार में अवैध खनन को लेकर सम्राट सरकार सख्त, कसा गया शिकंजा, खनिज वाहनों में GPS अनिवार्य
Bihar Mining Rules 2026: बिहार में अवैध खनन, खनिजों की चोरी और गैरकानूनी ढंग से परिवहन करने वालों की अब खैर नहीं होगी। ...
Bihar Mining Rules 2026: बिहार में अवैध खनन, खनिजों की चोरी और गैरकानूनी ढंग से परिवहन करने वालों की अब खैर नहीं होगी। राज्य सरकार ने खनिज संपदा की हिफाजत और सरकारी राजस्व में इजाफा करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बिहार मंत्रिपरिषद ने बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) (तृतीय संशोधन) नियमावली, 2026 को मंजूरी दे दी है। इसके तहत खनिजों की ढुलाई करने वाले वाहनों में GPS लगाना लाजिमी होगा। नियमों की अनदेखी करने और GPS नहीं लगाने पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ दो लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। इस फैसले से खनिज परिवहन की निगरानी पहले से अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी।
खनन एवं भूतत्व विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि नई नियमावली का मकसद अवैध खनन, खनिजों की गैरकानूनी निकासी, परिवहन और भंडारण पर लगाम लगाना है। सरकार तकनीक के जरिए खनिज वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेगी। GPS व्यवस्था लागू होने से वाहनों की लोकेशन और उनके आवागमन की निगरानी आसान होगी। इससे चोरी-छिपे खनिजों की ढुलाई करने वालों पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी।
नई नियमावली में बालू और पत्थर पर प्रबंधन शुल्क लगाने का भी प्रावधान किया गया है। इसके तहत पीले बालू पर 20 रुपये, सफेद बालू पर 10 रुपये और पत्थर पर 50 रुपये प्रति मीट्रिक टन शुल्क वसूला जाएगा। सरकार का अनुमान है कि इस व्यवस्था से हर साल करीब 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। इस रकम से राज्य के विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी। साथ ही खनिज संपदा के इस्तेमाल और कारोबार में जवाबदेही बढ़ेगी।
अवैध खनिज परिवहन करते पकड़े गए वाहनों के लिए भी नियम सख्त किए गए हैं। जब तक संबंधित खनिज का पूरा मूल्य और निर्धारित शमन शुल्क जमा नहीं होगा, तब तक उस वाहन के नाम पर नया खनिज चालान जारी नहीं किया जाएगा। यानी जुर्माना और बकाया राशि चुकाए बिना आगे खनिज ढुलाई का रास्ता आसान नहीं होगा।
इसके अलावा लौह अयस्क के ग्रेड का गलत निर्धारण कर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने की गुंजाइश खत्म करने के लिए नियम-17 में नया प्रावधान जोड़ा गया है। इससे खनिज की वास्तविक गुणवत्ता के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
नियमावली में खनिज पट्टाधारकों और लेटर ऑफ इंटेंट धारकों के परिवारों को भी राहत दी गई है। यदि किसी खनिज समानुदानधारी या लेटर ऑफ इंटेंट धारक की मृत्यु हो जाती है तो उनके कानूनी वारिसों को संबंधित अधिकार हस्तांतरित किए जा सकेंगे। इससे उत्तराधिकारियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। सरकार का दावा है कि इन तमाम बदलावों से अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगेगी, राजस्व की सुरक्षा होगी और बिहार के खनिज कारोबार में पारदर्शिता आएगी।
रिपोर्ट- मनोज कुमार