Bihar News: पटना के वेयर हाउस में भीषण लूट, 8 अपराधियों ने हथियार के बल पर 3 घंटे तक मचाया उत्पात

Bihar News: पचना में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में 8 अपराधियों ने एक वेयर हाउस में बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है।

Massive robbery in a warehouse- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला पटनासिटी का है। जहां पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी स्थित एक निजी वेयरहाउस में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की संपत्ति लूट ली। इस दौरान लुटेरों ने वेयरहाउस के आठ कर्मचारियों को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा, जिससे वे सभी घायल हो गए। जिसमें से दो का सिर पर गंभीर चोट आई हैं। घायलों को फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

वेयर हाउस में लूट 

पीड़ित घायल बक्सर के अटारी थाना निवासी अजीत कुमार और शशि कपूर राम ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे सात नकाबपोश बदमाश वेयरहाउस का मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने वहां सो रहे सभी आठ कर्मचारियों को हथियारों के बल पर काबू कर लिया और मारपीट कर बंधक बना लिया। कर्मचारियों के अनुसार, सभी लुटेरों के पास पिस्तौलें थीं और उन्होंने दहशत फैलाने के लिए जमकर उत्पात मचाया।

3 घंटे तक लुटेरों ने मचाया तांडव 

लगभग तीन घंटे तक वेयरहाउस में तांडव मचाने के बाद लुटेरे वहां से दो ड्रम बंडल तार, एंगल, छह मोबाइल फोन, चावल, बर्तन और 35 हजार रुपये नकद समेत कुल करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लूटे गए सामान को एक पिकअप वैन में लादकर ले जाया गया। सुबह किसी तरह पुलिस को घटना की सूचना दी गई। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से छानबीन शुरू की। सभी घायल कर्मचारी बक्सर अटारी थाने के बसंतपुर गांव के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पटना से रजनीश की रिपोर्ट