Bihar Crime: मामूली कहासुनी में खूनी संग्राम, पैसों के विवाद में चाकूबाज़ी, दो युवक हुए लहूलुहान

Bihar Crime: आपसी तकरार ने उस वक्त संगीन शक्ल अख्तियार कर ली, जब गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाज़ी में तब्दील हो गया।

मामूली कहासुनी में खूनी संग्राम- फोटो : reporter

Bihar Crime: आपसी तकरार ने उस वक्त संगीन शक्ल अख्तियार कर ली, जब गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाज़ी में तब्दील हो गया। इस खूनी झड़प में दो युवक बुरी तरह जख्मी हो गए, जिन्हें फौरन गोपालगंज के सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वारदात नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक और हजियापुर NH-28 के समीप की बताई जा रही है।

घायलों में एक की पहचान नज़ीर हुसैन , पिता मोहम्मद अमिरैन, निवासी गोपालगंज के  हजियापुर कैथवलिया के तौर पर हुई है। नज़ीर पेशे से फल व्यवसायी हैं और रोज़ की तरह फल बेचकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। नज़ीर का इल्ज़ाम है कि हजियापुर के जाफर उर्फ खलीफा अपने तीन साथियों के साथ वहां मौजूद था। पहले पैसों को लेकर बहस छिड़ी, फिर मामला हाथापाई तक जा पहुंचा।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उनसे ₹5500 रुपये छीन लिए और उनकी बाइक भी हथियाने की कोशिश की। इसी दौरान उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। नज़ीर ने बताया कि वार उनकी गर्दन की तरफ किया गया था, लेकिन बचाव में चाकू उनके कान पर लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है।

दूसरे पक्ष से तीर्थ शहजाद अहमद नामक युवक भी जख्मी हुआ है। उसका कहना है कि पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से रंजिश चली आ रही थी। जब उसने अपना पैसा मांगा तो सामने से टालमटोल की गई। इसी तनातनी के बीच उस पर पीठ में चाकू से वार कर दिया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन लूट और छिनतई के आरोपों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। तहकीकात पूरी होने के बाद ही असल वजह से पर्दा उठ सकेगा।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा