Bihar Police: पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत, घर लौटने का इंतजार अधूरा रह गया, महकमे में गम और बेचैनी का माहौल
Bihar Police: पुलिस ट्रेनिंग के दौरान एक युवा कांस्टेबल की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई।....
Bihar Police: बिहार के नवादा से एक बेहद सदमा देने वाली खबर सामने आई है, जहां पुलिस ट्रेनिंग के दौरान एक युवा कांस्टेबल की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह घटना न सिर्फ विभाग को झकझोर देने वाली है, बल्कि पूरे पुलिस महकमे में गम और बेचैनी का माहौल पैदा कर गई है। मृतक विकास कुमार, उम्र 35 वर्ष, सोंधी गांव निवासी रामाश्रय सिंह के पुत्र थे। वे गया जिले के बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात थे और वर्तमान में राजगीर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में पुलिस ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, प्रशिक्षण के दौरान विकास कुमार को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें राजगीर से आनन-फानन में नवादा लाया गया। यहां एक निजी चिकित्सक के पास ले जाने के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक और ज्यादा बिगड़ गई और हार्ट अटैक ने जिंदगी छीन ली।
इसके बाद उन्हें तुरंत सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पटना भेजने की सलाह दी। दुर्भाग्यवश, पटना ले जाने के क्रम में ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, पत्नी पूजा कुमारी, 8 वर्षीय बेटा और 6 वर्षीय बेटी बेसुध होकर अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल बेहद गमगीन हो गया। एक जवान पुलिसकर्मी की अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
मामले में बिहार पुलिस और ट्रेनिंग सेंटर के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि कड़ी ट्रेनिंग और तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है? पुलिस महकमे में गहरी शोक की लहर है और साथी जवान इस घटना से स्तब्ध हैं।
रिपोर्ट- अमन कुमार