Bihar Crime: सड़क के किनारे झोले में मिला नवजात बच्ची का शव, इलाके में मची सनसनी

Bihar Crime:सड़क किनारे झोले में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई।...

सड़क किनारे नवजात बच्ची का शव- फोटो : reporter

Bihar Crime: गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झोले में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। अंबेडकर चौक के समीप शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नवजात को कब्जे में लेकर जांच के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।बताया गया कि स्थानीय निवासी रवि कुमार शाह ने सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़े झोले को देखा। झोला खोलने पर उसमें नवजात का शव मिला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सदर अस्पताल ले गई।

डायल 112 के एएसआई सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि रवि कुमार शाह की सूचना पर टीम अंबेडकर चौक पहुंची थी। वहां झोले में नवजात मिला, जिसे चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। चिकित्सकों की ओर से जांच की जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन तेज कर दी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजात को झोले में रखकर सड़क किनारे कौन छोड़ गया। फिलहाल बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को यहां कब और किसने छोड़ा था।

फिलहाल नवजात की मौत की परिस्थितियों और उसे सड़क किनारे छोड़ने की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। चिकित्सकीय जांच और पुलिस की तफ्तीश के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है और पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा