Bihar Crime: शराबबंदी वाले बिहार में बैंक कर्मियों की लाल पानी की पार्टी, कबाब के साथ छलक रहे थे जाम, 5 गिरफ्तार
Bihar Crime: शराबबंदी कानून के बीच बैंक कर्मियों की शराब पार्टी का मामला सामने आया है। ...
Bihar Crime: मोतिहारी में शराबबंदी कानून के बीच बैंक कर्मियों की शराब पार्टी का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के बेलबनवा स्थित एक आवास पर शराब पार्टी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मौके से विदेशी शराब की बोतलें और पार्टी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है।
बताया जाता है कि बेलबनवा स्थित आवास पर कबाब के साथ कथित तौर पर शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की तो पार्टी में खलल पड़ गया। पुलिस ने वहां मौजूद पांच लोगों को पकड़ लिया और शराब की बोतलें समेत अन्य सामान जब्त कर लिया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी प्रतीक सिन्हा, छोटा बरियारपुर निवासी इंद्रजीत कुमार, ढाका निवासी संजय कुमार, नगर थाना क्षेत्र के तरुण कुमार और बरियारपुर निवासी लक्की सिंह के रूप में बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में बैंक कर्मी भी शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद उनका मेडिकल जांच कराया। इसके बाद आवास से बरामद शराब और अन्य सामान की जब्ती सूची तैयार की गई। नगर थाना पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
शराबबंदी वाले बिहार में बैंक कर्मियों से जुड़ी इस कथित शराब पार्टी की खबर सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि शराब पार्टी के लिए शराब कहां से लाई गई थी और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार