Bihar Crime: बिहार में अनोखी चोरी, एनएच-80 पर अंधेरे में 18 चक्का हाइवा का डाला टैग कर ले उड़े चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

Bihar Crime:बिहार में चोरी का खेल अब सिर्फ घरों और दुकानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हाईवे किनारे खड़ी भारी गाड़ियों को भी अपराधियों ने अपना आसान शिकार बना लिया है।...

बिहार में अनोखी चोरी- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरी का यह खेल अब सिर्फ घरों और दुकानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हाईवे किनारे खड़ी भारी गाड़ियों को भी अपराधियों ने अपना आसान शिकार बना लिया है। ताजा मामला सफियासराय थाना क्षेत्र का है, जहां एनएच-80 के किनारे खड़े 18 चक्का हाइवा का डाला शातिर चोरों ने बड़ी सफाई से उड़ा लिया। वारदात की पूरी तस्वीर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि 6 फरवरी की रात चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया। एनएच-80 सफियाबाद स्थित कार्यालय के पास खड़े हाइवा के डाला को उन्होंने दूसरे वाहन में टैग किया और रात के अंधेरे में फरार हो गए। सुबह जब वाहन मालिक की नींद खुली तो गाड़ी का डाला गायब था। मौके पर पहुंचने पर सिर्फ खाली चेसिस और सवालों का ढेर रह गया।

इस मामले को लेकर कासिम बाजार थाना क्षेत्र के हेरूदियारा निवासी कुंदन कुमार ने सफियासराय थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके भाई संजीत कुमार के नाम पर 18 चक्का हाइवा है। 6 फरवरी की रात करीब 11 बजे तक हाइवा का डाला एनएच-80 किनारे खड़ा था, लेकिन सुबह होते ही चोरों ने उस पर हाथ साफ कर दिया। आरोप है कि चोर डाला को किसी दूसरे वाहन में जोड़कर ले गए, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रही हैं।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। वाहन मालिक और पुलिस दोनों मिलकर चोरी गए हाइवा के डाला की तलाश में जुटे हुए हैं। इलाके में यह चर्चा आम है कि बिना रेकी और अंदरूनी जानकारी के इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना मुश्किल है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या चोरों का कोई संगठित गिरोह सक्रिय है, जो भारी वाहनों को निशाना बना रहा है?

सफियासराय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिल चुकी है और पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और डाला की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल, एनएच-80 पर खड़ी गाड़ियों के मालिकों में खौफ का माहौल है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर टकटकी लगाए बैठे हैं।

रिपोर्ट- इम्तियाज खान