आभूषण प्रचार गाड़ी में बना रखा था शराब का गोदाम, नवादा में तस्करों की तरकीब देख पुलिस भी हैरान!

उत्पाद विभाग की टीम ने तहखाने से शराब की बोतलें बरामद कीं। बरामद शराब ओल्ड हैबिट कंपनी की बताई जा रही है। मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Nawada Crime - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के नवादा में शराब तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ऐसी तरकीब अपनाई, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। सोना-चांदी के आभूषणों का प्रचार करने वाली गाड़ी के अंदर ही शराब का तहखाना बना दिया गया था। इसी गाड़ी में भारी मात्रा में विदेशी शराब भरकर झारखंड से बिहार लाई जा रही थी। लेकिन तस्करों की यह तकनीक उत्पाद विभाग की जांच के सामने काम नहीं आई।


गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन संख्या BR-10GB-2340 झारखंड की ओर से बिहार में प्रवेश कर रहा था। जांच के दौरान गाड़ी का टायर वजन के कारण नीचे दबा हुआ दिखाई दिया। वहीं, किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी के प्रचार के लिए बनाए गए दुकाननुमा ढांचे को देखकर टीम को शक हुआ।


इसके बाद जब ढांचे की जांच की गई तो अंदर से शराब की गंध महसूस हुई। ऊपरी हिस्से को नट-बोल्ट से कसकर बंद किया गया था। जब उसे खोला गया तो नीचे तहखाना बना मिला, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।


उत्पाद विभाग की टीम ने तहखाने से शराब की बोतलें बरामद कीं। बरामद शराब ओल्ड हैबिट कंपनी की बताई जा रही है। मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।


उत्पाद विभाग के अनुसार, शराब की खेप देवघर से नवादा लाई जा रही थी। फिलहाल गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है और इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क का पता लगाने में टीम जुटी है।

अमन की रिपोर्ट