Bihar Crime: पटना में शादी की खुशियां मातम में बदलीं! हर्ष फायरिंग में 11 साल के बच्चे को लगी गोली, मची अफरातफरी
Bihar Crime: बिहार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का खतरनाक सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ...
Bihar Crime: बिहार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का खतरनाक सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बाढ़ थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव का है, जहां बारात मिलन की रस्म के दौरान चलाई गई गोली 11 वर्षीय मासूम आर्यन कुमार के गले में जा लगी। गोली लगते ही बच्चा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गईं। समारोह में मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, बुढ़नपुर गांव में शादी समारोह का आयोजन किया गया था। इसी दौरान बारात मिलन की रस्म चल रही थी। तभी कुछ लोगों ने खुशी जाहिर करने के लिए हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक गोली कृष्णानंद सिंह के 11 वर्षीय बेटे आर्यन कुमार के गले में लग गई। अचानक हुई इस घटना से समारोह में मौजूद मेहमानों और रिश्तेदारों के बीच हड़कंप मच गया।
परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को लेकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के मुताबिक, गोली बच्चे के गले को छूते हुए बाहर निकल गई है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हालांकि, बेहतर और विस्तृत इलाज के लिए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर पटना रवाना हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही गोली चलाने में इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाया जा रहा है। समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
बिहार में शादी-विवाह के दौरान हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खुशी के मौके पर हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन दूसरों की जिंदगी के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बुढ़नपुर की इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में सुरक्षा और कानून के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।