Bihar BJP MLA: मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर अभद्र टिप्पणी से मचा बवाल, पटना साइबर थाने पहुंचा मामला

Bihar BJP MLA: बिहार की लोकगायिका और अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।

अभद्र टिप्पणी से मचा बवाल- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar BJP MLA: बिहार की लोकगायिका और अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। इस बार आपत्तिजनक टिप्पणियों के निशाने पर सिर्फ विधायक ही नहीं, बल्कि उनके पिता भी हैं। इंटरनेट मीडिया पर की गई इन टिप्पणियों को लेकर मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। मैथिली ठाकुर के सरकारी बॉडीगार्ड ने पटना साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की तहकीकात शुरू कर दी है।

साइबर थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, बीते 14 नवंबर को दोपहर करीब 2:40 बजे सरकारी बॉडीगार्ड को सोशल मीडिया के जरिए इस मामले की जानकारी मिली थी। बताया गया कि इंस्टाग्राम के एक अकाउंट से मैथिली ठाकुर और उनके पिता को निशाना बनाकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। जानकारी मिलने के बाद बॉडीगार्ड ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत पेश की।

शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां किसी जनप्रतिनिधि की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हैं। साथ ही, एक महिला की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य भी है। आवेदन में संबंधित व्यक्ति या अकाउंट संचालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना साइबर थाना पुलिस संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित टिप्पणी किस अकाउंट से की गई और इसके पीछे कौन व्यक्ति है। साथ ही, आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियों की सत्यता तथा डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपी की पहचान और टिप्पणियों की पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर किसी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर साइबर अपराध और डिजिटल मर्यादा का सवाल चर्चा में है।