Patna crime: शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर हमला, दो SI घायल, 34 पर FIR

Patna crime: पटना में शराब मामले में कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। ...

पटना पुलिस पर हमला- फोटो : social Media

Patna crime: पटना में  शराब मामले में कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया गांव बस्ती की बताई जा रही है। बुधवार देर रात पुलिस टीम शराब से जुड़े मामले में कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें दो सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए।

हमले में SI दिवाकर कुमार और SI मधुरेंद्र कुमार को चोटें आई हैं। दोनों घायल दरोगाओं को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए पीरबहोर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के मुताबिक हमले के मामले में 14 नामजद समेत करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार्रवाई के दौरान किन परिस्थितियों में विवाद बढ़ा और पुलिस टीम पर हमला किया गया।

घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हुए इस हमले को लेकर जांच तेज कर दी गई है।

पीरबहोर थानाध्यक्ष आरके सिंह ने घटना और FIR दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस नामजद आरोपितों के साथ-साथ अज्ञात लोगों की पहचान करने में भी जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

रिपोर्ट- अनिल कुमार