Bihar Attack On Police: बिहार में पुलिस टीम पर हमला, दारोगा घायल, 3 महिलाएं समेत 6 हिरासत में
Attack On Police: बिहार में पुलिस टीम पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई मामलों में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, और कुछ ने तो ड्यूटी के दौरान अपनी जान तक गंवाई है।
Attack On Police: एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज एक मामले की जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम पर नामजद आरोपियों और उनके परिजनों ने अचानक हमला बोल दिया। घटना में दलसिंहसराय थाना की दारोगा ऋचा सिंह घायल हो गईं। हमले के बाद उन्होंने तत्काल थाने को सूचना दी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और 3 महिलाओं सहित 6 लोगों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त को चकलोकमान वार्ड संख्या 12 निवासी सिंहासन देवी ने अपने पति मंटू रजक की ओर से थाने में आवेदन दिया था। इसमें जानलेवा हमला और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया था (कांड संख्या 291/2025)। इस केस में आरोपी बनाए गए थे वार्ड 12 निवासी स्व. हरि प्रसाद के पुत्र मनोज प्रसाद, उनकी पत्नी गगन देवी और पुत्र ऋषभ कुमार।
आईओ के तौर पर दारोगा ऋचा सिंह बुधवार को गोलाघाट के पास घटनास्थल पर जांच के लिए गई थीं। इसी दौरान आरोपी पक्ष और उनके परिजनों ने पुलिस टीम पर धावा बोल दिया। अचानक हुए हमले में ऋचा सिंह चोटिल हो गईं।
हमले की सूचना मिलते ही थाने से अन्य एसआई और पुलिस बल घटनास्थल पहुंचे। स्थिति को काबू में करते हुए पुलिस ने मौके से 3 महिलाओं समेत आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले गई।
एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि कांड में आगे की कार्रवाई के लिए गई पुलिस टीम के साथ अभद्रता और हमला किया गया। 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें बिहार में पुलिस टीम पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई मामलों में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, और कुछ ने तो ड्यूटी के दौरान अपनी जान तक गंवाई है। कार्रवाई के समय पुलिस पर भीड़ का हमला अब एक गंभीर कानून-व्यवस्था की चुनौती बन चुका है।