Bihar Crime: रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के घर लाखों की चोरी, वेंटिलेटर से घुसे चोर, नकदी-जेवर लेकर फरार
Bihar Crime: चोरों ने सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के घर धावा बोलकर करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।...
Bihar Crime: वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र के चांदसराय गांव में चोरों ने सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के घर धावा बोलकर करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। चोरी की घटना फतहपुर पकरी पंचायत के वार्ड नंबर 9 की बताई जा रही है, जहां रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी संतलाल सहनी के घर शुक्रवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, चोर वेंटिलेटर के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने गोदरेज, बक्से और अटैची के लॉक तोड़कर करीब 3 लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गए।
चोरी का पता शनिवार तड़के करीब 4 बजे चला, जब संतलाल सहनी की पत्नी राम सिंगारी देवी की नींद खुली। उन्होंने घर के दरवाजे खुले देखे और अंदर सामान बिखरा पाया। इसके बाद परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी गए जेवरात में पत्नी के अलावा पुत्रवधू पिंकी देवी और बेटी के आभूषण भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर वारदात से जुड़े सुराग जुटाने की कवायद शुरू कर दी है।
वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार