सिंह मेंशन पर हमला: "धनबाद को श्मशान बना देंगे", वायरल पर्चे ने मचाया हड़कंप
Singh Mansion Dhanbad: बमबाजी के बाद वायरल पर्चे की भाषा बेहद डरावनी है, जिसमें धनबाद को "श्मशान घाट" बनाने की धमकी दी गई है। पत्र में लिखा है कि "जिस धरती पर अमन का खून गिरा है, उसे बंजर बना देंगे।"
झारखण्ड कि कोल नगरी के तौर पर विख्यात धनबाद के सरायढेला स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास 'सिंह मेंशन' पर देर रात अज्ञात अपराधियों ने हमला बोला। हमलावरों ने दो सुतली बम फेंके, जिसमें से एक घर के अंदर और दूसरा बाहर सड़क पर गिरा। रात के करीब 11:20 बजे हुए इन धमाकों की गूंज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए। अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गैंगस्टर अमन सिंह गिरोह ने ली जिम्मेदारी
इस चर्चित हमले में उस वक्त नया मोड़ आया जब सोशल मीडिया पर एक पर्चा तेजी से वायरल होने लगा। इस वायरल पत्र के जरिए नीरज सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटर और जेल में मार डाले गए गैंगस्टर अमन सिंह गिरोह के शंकर सिंह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पत्र में स्पष्ट रूप से 'सिंह मेंशन' पर हुए हमले को अंजाम देने की बात स्वीकार की गई है। इस दावे के बाद पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियां अब इस पत्र की प्रामाणिकता की जांच में जुट गई हैं।
रंगदारी की मांग और खौफनाक धमकी
वायरल पर्चे की भाषा बेहद डरावनी है, जिसमें धनबाद को "श्मशान घाट" बनाने की धमकी दी गई है। पत्र में लिखा है कि "जिस धरती पर अमन का खून गिरा है, उसे बंजर बना देंगे।" इसके साथ ही गैंग ने धनबाद के कोयला और लोहा व्यापारियों को सीधे तौर पर निशाने पर लिया है और उनसे रंगदारी की मांग की है। पत्र में चुन-चुन कर मारने और अमन सिंह के "वचन" को पूरा करने की बात भी कही गई है।
पुलिस की जांच और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
घटना के बाद से ही पुलिस की टीम जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। शहर के व्यापारियों और वीआईपी आवासों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।