केनरा बैंक में दिनदहाड़े लूट, रेनकोट पहनकर घुसे बदमाशों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक, सोना और कैश लेकर हुए फरार
कैनरा बैंक में रेनकोट पहनकर आए 5 हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर 43 लाख रुपये से अधिक कैश और सोने के जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर गार्ड पर हमला किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
झारखंड के जमशेदपुर स्थित गोलमुरी इलाके में गुरुवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया। सुबह करीब 10 बजे पांच की संख्या में आए अपराधियों ने कैनरा बैंक की शाखा पर धावा बोला। हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को गन प्वाइंट पर ले लिया और देखते ही देखते 43 लाख रुपये से अधिक नकद और लॉकर में रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
रेनकोट पहनकर पहुंचे बदमाश, पहचान छिपाकर दिया घटना को अंजाम
बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार के अनुसार, सभी पांचों अपराधी बारिश का फायदा उठाकर रेनकोट पहनकर बैंक परिसर में दाखिल हुए थे। रेनकोट की वजह से बदमाशों के चेहरे और उनकी पहचान छिपी हुई थी। उस वक्त बैंक खुला ही था और अंदर सफाई का काम चल रहा था। अपराधियों ने बैंक में कदम रखते ही पिस्टल तान दी और पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया।'
गार्ड पर हमला और मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर खुलवाया चेस्ट
वारदात के दौरान जब सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने अपराधियों का विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पिस्टल की बट से मारकर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। गार्ड को लहूलुहान करने के बाद अपराधी सीधे बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में घुसे। उन्होंने मैनेजर के सिर पर पिस्टल सटा दी और जान से मारने की धमकी देकर बैंक का चेस्ट और लॉकर खुलवा लिया।
कैश और स्वर्णाभूषण समेटकर दो बाइकों से हुए फरार
चेस्ट खुलते ही अपराधियों ने उसमें रखे 43 लाख रुपये से अधिक की नकदी और लॉकरों में रखे कीमती स्वर्णाभूषणों को अपने बैग में भर लिया। महज कुछ ही मिनटों के भीतर इस पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद सभी पांचों बदमाश बाहर खड़ी अपनी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई इस दुस्साहसिक वारदात से बैंककर्मियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बैंक परिसर को लिया कब्जे में, सीसीटीवी खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे बैंक परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास के इलाकों और बैंक में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के चेहरे और उनके भागने के रास्ते का सटीक पता लगाया जा सके। साथ ही शहर के सभी निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है।
विशेष टीम गठित, लूटी गई कुल संपत्ति का हो रहा आधिकारिक आकलन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बैंक प्रबंधन के साथ मिलकर कागजी रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है, जिससे लूटी गई कुल नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों का अंतिम और सही आकलन किया जा सके।