झारखंड में आसमान से बरसी मौत : राज्यभर में वज्रपात से 9 की मौत 2 दर्जन झुलसे, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी
झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। रांची जिले में तीन समेत राज्यभर में नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि दर्जनभर से अधिक घायल हैं...
Ranchi : झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मानसून की दस्तक के साथ ही आकाशीय बिजली (वज्रपात) ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों में रांची जिले के तीन लोग शामिल हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित परिवारों में कोहराम मच गया है, वहीं घायलों को स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
वनरक्षक, किसान और बच्चों समेत 9 ने गंवाई जान
इस आपदा में खूंटी वन प्रमंडल के सोनाहातू में कार्यरत 32 वर्षीय वनरक्षक रोशन श्रीवास्तव (निवासी बुंडू) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीन अन्य कर्मी झुलस गए। इसके अलावा सिली में एक 16 वर्षीय नाबालिग, बेड़ो के सेमरा में 25 वर्षीय युवा किसान रवि तिग्गा, और लोहरदगा के कैरो में मवेशी चरा रही एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। गुमला के घाघरा में धान का बिचड़ा लगाने जा रहे 45 वर्षीय किसान देवराज उरांव, सिमडेगा के बानो में एक व्यक्ति, गढ़वा के रंका में आम चुन रहे दो बच्चे और पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में घर के बरामदे में बैठे 25 वर्षीय विक्की पिंगुवा की भी वज्रपात से मौत हो गई। बहरागोड़ा और मझगांव में कई बच्चों और महिलाओं के झुलसने की भी खबर है।
मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने राज्य में मंगलवार (30 जून) और बुधवार (1 जुलाई) को भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार से ही वातावरण में बदलाव दिखना शुरू हो जाएगा और आसमान में घने बादल छा जाएंगे। राज्य के आधे से अधिक जिलों में अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है, जिससे पिछले 24 घंटों से सामान्य से अधिक चल रहे अधिकतम तापमान से लोगों को राहत मिलेगी।
16 जिलों में भारी बारिश के आसार, जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पलामू, चतरा और गढ़वा को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में आंधी चलने के साथ-साथ कहीं-कहीं वज्रपात का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। मंगलवार को संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों सहित गिरिडीह और धनबाद में भारी बारिश हो सकती है। वहीं बुधवार को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और संताल के सभी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
कमजोर मानसून को मिलेगी मजबूती, खेती में आएगी तेजी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले चार दिनों के दौरान झारखंड में मानसून के और अधिक सक्रिय होने के मजबूत संकेत हैं। हालांकि वर्तमान में मानसून की स्थिति थोड़ी कमजोर बनी हुई है, जिससे किसानों के खेती का कार्य प्रभावित हो रहा था। अब होने वाली इस व्यापक और भारी बारिश से राज्य में मानसून को मजबूती मिलेगी, जिससे खेतों में पानी की कमी दूर होगी और सुस्त पड़ी खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आएगी।