नशे के सौदागरों पर बड़ा एक्शन: मां-बेटे समेत तीन ड्रग पेडलर गिरफ्तार, ब्राउन शुगर बरामद

Jharkhand Crime : प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजधानी रांची की पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसमे मां-बेटे शामिल है....

मां-बेटे समेत तीन ड्रग पेडलर गिरफ्तार- फोटो : न्यूज4नेशन

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर स्थित करम चौक पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ मां-बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई 31 मई 2026 को नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की पुख्ता सूचना मिलने के बाद अमल में लाई गई।


घेराबंदी कर पकड़ा गया पहला आरोपी

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हटिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने विद्यानगर के रोड नंबर-06 इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस की टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहे 23 वर्षीय युवक अनिकेत अग्रवाल को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने जब अनिकेत की तलाशी ली, तो उसके पास से ब्राउन शुगर की 20 पुड़िया बरामद की गईं, जिनका कुल वजन 2.05 ग्राम मापा गया है। आरोपी अनिकेत सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के सिमेंट गली (नमन विद्या स्कूल के पास) का रहने वाला है।


अनिकेत की निशानदेही पर मां-बेटे की गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपी अनिकेत अग्रवाल से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस काले कारोबार से जुड़े अपने अन्य साथियों के राज उगल दिए। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने रोड नंबर-06, करम चौक पर स्थित एक घर में दबिश दी। वहां से पुलिस ने ड्रग तस्करी में शामिल मां-बेटे की जोड़ी—कुसुम चौबे और उनके पुत्र अंकुश चौबे को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अनिकेत की गवाही और शिनाख्त इस मामले में अन्य आरोपियों तक पहुँचने में बेहद कगार साबित हुई।


तलाशी के दौरान मां-बेटे के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद

पुलिस द्वारा की गई सघन तलाशी के दौरान मां-बेटे के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ मिले। आरोपी कुसुम चौबे के पास से 4.94 ग्राम वजन की 49 पुड़िया और अंकुश चौबे के पास से 4.65 ग्राम वजन की 45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इतना ही नहीं, जब पुलिस ने उनके घर के अंदर जांच की, तो अलमारी में रखे एक भूरे रंग के पर्स से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर (वजन 4.79 ग्राम) और बरामद हुई। इस तरह चौबे परिवार के घर से नशे का बड़ा जखीरा जब्त किया गया।


बरामद माल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने इस पूरी छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से कुल मिलाकर 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर की 159 पुड़िया, तीन स्मार्टफोन और 7,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। स्मार्टफोन के जरिए पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है कि वे यह नशा कहाँ से लाते थे और रांची में किन-किन लोगों को सप्लाई करते थे। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।