महिला हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा : अवैध संबंध के विरोध में पड़ोसी महिला ने 50 हजार में दी थी सुपारी, गैंगरेप के बाद हुआ था मर्डर
महिला के साथ गैंगरेप और हत्या मृतका के पति के साथ अवैध संबंधों के विरोध में पड़ोसी संध्या कुमारी ने अपने भाई संग मिलकर 50 हजार की सुपारी देकर यह हत्या कराई थी...
Ranchi : राजधानी रांची की पुलिस ने तुपुदाना ओपी क्षेत्र के सोहराई पहाड़ के पास तीन दिन पहले हुई एक महिला की बर्बर हत्या और गैंगरेप के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने मुख्य साजिशकर्ता महिला समेत चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका के पति के साथ आरोपी पड़ोसी महिला संध्या कुमारी के अवैध संबंध थे, जिसका विरोध करने पर इस खौफनाक वारदात की साजिश रची गई थी।
अवैध संबंध बना हत्या का कारण, एक महीने पहले रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस के अनुसार, मृतका की पड़ोसी और अरगोड़ा पिपरटोली की रहने वाली संध्या कुमारी ने अपने अवैध संबंधों में रोड़ा बन रही महिला को रास्ते से हटाने के लिए एक महीने पहले अपने भाई रमेश उरांव के साथ मिलकर हत्या का ताना-बाना बुना था। संध्या ने महिला की हत्या कराने के लिए पेशेवर अपराधियों को 50 हजार रुपए की सुपारी दी थी। साजिश के तहत आरोपी रमेश उरांव ने पहले मृतका की घूमने-फिरने की आदत का फायदा उठाकर उससे दोस्ती की और फिर उसे अपने जाल में फंसाया।
दशम फॉल घुमाने के बहाने फर्जी नंबर प्लेट की कार से ले गए सोहराई पहाड़
निर्धारित योजना के तहत 19 जून को आरोपी रमेश उरांव ने महिला को दशम फॉल घुमाने के बहाने अरगोड़ा बुलाया। वह एक कार में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अपने चालक के साथ वहां पहुंचा। महिला को कार में बैठाने के बाद रास्ते से उसने अपने अन्य साथियों को भी गाड़ी में सवार कर लिया। इसके बाद अपराधी महिला का मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर उसे दसमाइल से तंजू जाने वाली पक्की सड़क के समीप सुनसान सोहराई पहाड़ के पास ले गए, ताकि किसी को भनक न लग सके।
पहाड़ पर किया सामूहिक दुष्कर्म, फिर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर ले ली जान
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सोहराई पहाड़ पर ले जाकर आरोपी रमेश उरांव, लखन उरांव और कृष्णदास गोस्वामी ने पहले महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए लाठी और अन्य घातक चीजों से महिला को तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक कि उसने दम नहीं तोड़ दिया। महिला की मौत सुनिश्चित करने के बाद अपराधी उसके शव को सड़क किनारे फेंककर मौके से फरार हो गए थे।
पीएलएफआई उग्रवादी समेत चार गिरफ्तार, हथियार और फर्जी नंबर प्लेट की कार बरामद
पुलिस की स्पेशल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजिशकर्ता संध्या कुमारी के अलावा बुंडू के कृष्णादास गोस्वामी, लोहरदगा के रमेश उरांव और लखन उरांव को दबोच लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
अंतरराज्यीय आपराधिक रिकॉर्ड: पीएलएफआई संगठन से जुड़े हैं गिरफ्तार अपराधी
पकड़े गए आरोपी बेहद शातिर और पेशेवर अपराधी हैं। मुख्य शूटरों में शामिल लोहरदगा के सेनहा निवासी रमेश उरांव प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ सेनहा थाने में 17 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं, बुंडू के अपराधी कृष्णादास गोस्वामी पर भंडरा, बुंडू और छत्तीसगढ़ राज्य में कई संगीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा तीसरे आरोपी लखन उरांव का भी छत्तीसगढ़ में पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।